भोपाल। जेपी अस्पताल के महिला वार्ड में मरीजों को देखने आए परिजन ने एक वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर शेयर किया, जिसमें अन्य मरीजों के परिजन वार्ड में एसी और पंखा बंद होने की शिकायत कर रहे हैं। साथ ही बता रहे हैं कि जच्चा और बच्चा को गर्मी और मच्छरों ने परेशान कर दिया है, जिससे वह रात पर सो नहीं पा रहे हैं। एसी के रिमोट का सेल न होने की वजह से वह भी काम नहीं कर रहा है।
अस्पताल प्रबंधन ने भी जारी किया वीडियो
इस वीडियो के जारी होने के बाद अस्पताल प्रबंधन की ओर से जवाबी वीडियो आया। अस्पताल की छवि धूमिल न हो, इसके लिए प्रबंधन ने एक अलग से वीडियो बनाया, जिसमें नर्स द्वारा मरीजों को सभी प्रकार की सुविधाएं देने की बात की जा रही है। यह दोनों ही वीडियो इंटरनेट मीडिया पर खूब चर्चित हुए। मरीजों के परिजन और अस्पताल प्रबंधन के बीच वीडियो बनाने का खेल पिछले दो दिनों से चल रहा है। इस मामले में जेपी अस्पताल अधीक्षक व सिविल सर्जन राकेश श्रीवास्तव ने बताया कि अगर किसी मरीज को समस्या थी तो वो शिकायत करते, वीडियो बनाने की क्या जरूरत थी। मैंने खुद महिला वार्ड में जाकर मरीजों से बात की है। वहां एसी और पंखा सभी चालू दिखे हैं। मरीज भी सुविधाओं से संतुष्ट दिखे हैं।