
इंदौर। इंदौर के पश्चिम क्षेत्र में शनिवार और रविवार को जल वितरण बाधित रहेगा। नगर निगम वाल्व बदलने के लिए 24 घंटे का शटडाउन ले रहा है। इसके चलते नर्मदा प्रथम और द्वितीय चरण के सभी पंप 15 जुलाई को सुबह 8 बजे से बंद कर दिए जाएंगे।
नगर निगम जल वितरण शाखा प्रभारी संजीव श्रीवास्तव ने बताया कि 1200 मिमी व्यास की राइजिंग मेन पाइप लाइन पर पीएच-2 से बीपी टैंक के बीच नए जीरो वेलोसिटी वाले वाल्व लगाना है। इसके अलावा पंप गृह, विद्युत उपकेंद्रों और जलशोधन संयंत्रों का आवश्यक सुधार कार्य भी किया जाना है। इस काम में 24 घंटे का समय लगने का अनुमान है।
नर्मदा पहले और दूसरे चरण के पंप शनिवार सुबह बंद होने की वजह से शनिवार को अन्नपूर्णा टंकी एवं बिलावली टंकी क्षेत्र अंतर्गत आने वाले सीधे जलप्रदाय वाले क्षेत्रों में जलप्रदाय प्रभावित रहेगा। इसी तरह 16 जुलाई को इंदौर की 16 टंकियों के क्षेत्र की कालोनियों में जल वितरण प्रभावित रहेगा। श्रीवास्तव ने बताया कि वाल्व बदलने का काम दो चरण में किया जा रहा है। पहला चरण के तहत शनिवार को शटडाउन लिया है।
अन्नपूर्णा, स्कीम नंबर 103, छत्रीबाग, राज मोहल्ला, एमओजी लाइन, लोकमान्य नगर, द्रविड़ नगर, महाराणा प्रताप नगर, कुशवाह मोहल्ला, नरवल, अगरबत्ती काम्प्लेक्स, टिगरिया बादशाह, सुभाष चौक, सदर बाजार, गांधी हाल, भक्त प्रहलाद नगर
नगर निगम के 24 घंटे के शटडाउन लेने से शहर की 10 लाख से ज्यादा जनसंख्या प्रभावित होगी। टंकियों से दर्जनों कालोनियों में जल वितरण होता है। आशंका इस बात की भी है कि जीरो वेलोसिटी वाले वाल्व बदलने का काम 24 घंटे में पूरा नहीं हुआ तो शटडाउन बढ़ाया भी जा सकता है। ऐसा हुआ तो लोगों की परेशानी बढ़ जाएगी।