
वीर महान WWE के मेन रोस्टर रॉ में शामिल हो चुके भारतीय रेसलर हैं। उन्हें रॉ के कई स्क्रिप्ट में देखा गया है। इसके अलावा वीर महान ने WWE के खतरनाक रेसलर ब्रॉक लेसनर और रोमन रेंस जैसे सूरमाओं को भी ललकारा है लेकिन वीर महान का उनके साथ अब तक कोई मैच ड्राफ्ट नहीं हुआ है।
वीर महान WWE की रिंग पूरी तरह से भारतीय वेशभूषा में नजर आते हैं। माथे पर त्रिपुंड और भुजाओं में रुद्राक्ष पहने वीर महान जब गरजते हैं तो सामने वाला पहलवान सिहर उठता है। वीर महान का देशी लुक WWE में उन्हें सबसे अलग बनाती है।
वीर महान का असली नाम रिंकू सिंह राजपूत है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रविदास नगर जिले के रहने वाले हैं। उनका जन्म 8 अगस्त 1988 को हुआ था। रिंकू सिंह के पिता ट्रक ड्राइवर हैं। रिंकू कुल 9 भाई बहन हैं।
रिंकू को बचपन से ही पहलवानी का शौक था। स्कूल के दिनों के वह हर खेल में हिस्सा लेते थे। वह जैवलिन थ्रोअर भी थे। उन्होंने जैवलिन थ्रो में जूनियर नेशनल में मेडल भी अपने नाम किया था। इसके बाद वह बेसबॉल के प्लेयर भी बने और अमेरिका में कई अलग-अलग टीमों से वह जुड़े रहे और फिर 2018 में रिंकू ने वीर महान के नाम से WWE में एंट्री मारी।
WWE में उन्होंने सौरव गुर्जर के साथ मिलकर 'द इंडस शेर' नाम से एक टैग टीम बनाई। सौरव और रिंकू की टीम ने WWE NXT इवेंट में हिस्सा लिया। बाद में द इंडस शेर में जिंदर महल और शैंकी भी जुड़ गए।