बाजार में भारी गिरावट के बीच तीन आईपीओ हुए लिस्ट, दो में घाटा तो एक में हुई मामूली कमाई
Updated on
14-02-2024 01:45 PM
मुंबई: आज यानी बुधवार, 14 फरवरी 2024 को शेयर बाजार में सुबह से ही गिरावट का माहौल है। बीएसई का सेंसेक्स (BSE Sensex) करीब 500 अंक गिर कर खुला। ऐसे में आज लिस्ट होने वाले तीन आईपीओ में से दो में निवेशकों का घाटा हो गया। मतलब कि दो आईपीओ डिस्काउंट पर लिस्ट हुए। डिस्काउंट पर लिस्ट होने वाले आईपीओ में जन स्मॉल फाइनेंस बैंक और कैपिटल स्मॉल फाइनेंस बैंक का नाम शामिल है। हालांकि आज ही राशि पेरिफेरल का आईपीओ भी लिस्ट हुआ। इसके निवेशकों की एक ही दिन में आठ फीसदी की कमाई हुई। शेयर बाजार के विश्लेषक इसे मामूली कमाई बता रहे हैं। क्योंकि इससे दो दिन पहले ही एपीजे सुरेंद्रा पार्क होटल की लिस्टिंग 20 फीसदी प्रीमियम पर हुई थी।
क्या रहा राशि पेरिफेरल का प्रदर्शन
आसुस, डेल, एचपी, लेनोवो और एनवीडिया जैसी ग्लोबल कंपनियों के प्रोडक्ट भारत में डिस्ट्रीब्यूट करने वाली कंपनी राशि पेरिफेरल्स (Rashi Peripherals) का आईपीओ पिछले सप्ताह आया था। इंफोर्मेशन और कम्यूनिकेशन प्रोडक्ट डिस्ट्रीब्यूट करने वाली इन कंपनी ने आईपीओ के जरिये 600 करोड़ रुपये जुटाए हैं। कंपनी ने पांच रुपये फेस वैल्यू वाले एक शेयर का प्राइस बैंड 295 से 311 रुपये तय किया था। निवेशकों को इस कंपनी का शेयर 311 रुपये पर अलॉट हुआ। सुबह बीएसई में इसके शेयर 335 रुपये यानी 7.7 फीसदी प्रीमियम पर लिस्ट हुए। एनएसई पर इसके शेयर 9.2 फीसदी के प्रीमियम के साथ 339.5 रुपये पर लिस्ट हुए।