होशंगाबाद लोकसभा सीट पर इस बार तो यही सवाल... नर्मदा के इस या उस पार

Updated on 22-04-2024 01:02 PM
भोपाल। 'बाबा बैठे जाघर में, पांव पसारे बाघर में...' नर्मदा और तवा नदियों के संगम के पास स्थित छोटे से गांव रायपुर में जब बच्चे ढलती शाम को पहेलियां बुझाते हैं तो कोई न कोई यह पहेली जरूर पूछ लेता है। बच्चों की पहेली बूझना बच्चों का खेल नहीं, आप माथापच्ची करें, इससे पहले जान लीजिए कि इस बार लोकसभा चुनाव को लेकर होशंगाबाद-नरसिंहपुर संसदीय सीट के मतदाता भी कुछ ऐसी ही पहेली एक-दूसरे से पूछ रहे हैं कि नर्मदा के इस पार वनखेड़ी के चांदौन गांव के दर्शन सिंह चौधरी (भाजपा प्रत्याशी) हवा को अपने पक्ष में कर पाते हैं या उस पार तेंदुखेड़ा के देवरी गांव के निवासी संजय शर्मा (कांग्रेस प्रत्याशी) अपनी हवा बना लेंगे।


दो भागों में बंटा क्षेत्र, प्रचार में दिख रहा रंग

पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में होशंगाबाद-नरसिंहपुर लोकसभा क्षेत्र की आठों सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की। इस बार अंतर यही है कि यह लोकसभा चुनाव है। यहीं पर वर्ष 2009 में जनता ने तब कांग्रेस से आए राव उदय प्रताप सिंह को कद्दावर नेता रामपाल के मुकाबले जिताकर सिर-आंखों पर बैठा लिया था। इस बार कांग्रेस ने प्रत्याशी के चयन से मुकाबले को रोचक और कड़ा बना दिया है। कांग्रेस के उम्मीदवार पूर्व विधायक संजय शर्मा भले ही वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में जीत हासिल न कर पाए हों लेकिन नरसिंहपुर जिले में उनकी अच्छी पकड़ है। उनके पास संसाधनों और संबंधों की कमी नहीं है। नरसिंहपुर, गाडरवाड़ा, तेंदुखेड़ा और उदयपुरा विधानसभा सीटों में कांग्रेस का अपना मतदाता वर्ग है, जो उन्हें मजबूती दे रहा है। नर्मदापुरम जिले में सिवनी-मालवा, होशंगाबाद, सोहागपुर और पिपरिया भाजपा पट्टी के साथ-साथ वे इलाके हैं, जहां भाजपा की मजबूत पकड़ के साथ दर्शन सिंह चौधरी को व्यक्तिगत रूप से लोग जानते-पहचानते हैं। दोनों पट्टी के चार-चार विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या भी लगभग नौ-नौ लाख के साथ बराबर की है। ऐसे में उम्मीदवार अपनी पट्टी में पांव जमाए रखने के साथ दूसरे के प्रभाव क्षेत्र में मतदाताओं को रिझाने की जुगत लगा रहे हैं।

जतन के अलावा समीकरण जातिगत भी हैं

नर्मदा कछार के समृद्ध किसानों के इलाके में दर्शन सिंह खुद के किसान होने की बात बार-बार दोहरा रहे हैं तो संजय शर्मा भी खुद को किसान का बेटा बताने से पीछे नहीं हैं। कभी समाजवादी गढ़ रहे होशंगाबाद सीट के चुनावों में जाति कभी मुद्दा नहीं रही लेकिन इस बार तस्वीर कुछ अलग है। सतह के नीचे जातिगत गोलबंदी भी नजर आ रही है।

जनता की बात

पिपरिया के मंगलवारा बाजार में कपड़े की दुकान चलाने वाले अंकित राय कहते हैं कि प्रचार पर निकलने के बाद दर्शन चौधरी के लिए घर वापस आने की कोई मजबूरी नहीं है। वह संघ के स्वयंसेवक रहे हैं। एक बैग लेकर चलते हैं। रात हुई तो उसी गांव में रुक गए। दो-चार दिन वापस घर न आएं तो कोई अंतर नहीं पड़ता। यहां उन्हें करीब-करीब सभी जानते हैं। संजय शर्मा को यहां ऐसी पहचान के लिए तगड़ा प्रचार करना होगा। इधर, सोमेश परसाई बताते हैं कि प्रधानमंत्री की रैली के बाद माहौल तो बना था लेकिन छिंदवाड़ा में मतदान के दिन दोपहर ही पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ जिस तरह तेजी से पिपरिया आए, संजय शर्मा को साथ लेकर चुनावी सभा की। इससे पता चलता है कि कांग्रेस लड़ाई में मजबूती से खड़ी है।

पांच लाख पार... इस बार नारा है

राजनीतिक विश्लेषक पंकज पटेरिया बताते हैं कि 2019 के लोकसभा चुनाव में सांसद राव उदय प्रताप सिंह रिकार्ड पांच लाख 53 हजार मतों से जीते थे लेकिन तबसे नर्मदा में काफी पानी बह चुका है, तब कांग्रेस ने शैलेंद्र दीवान को टिकट दिया था, जो राव उदय प्रताप के मुकाबले कहीं न कहीं कमजोर प्रत्याशी थे। रिकार्ड बन सकता था और बना। अब भाजपा ने जीत के पांच लाख पार का बेंचमार्क तो बना दिया है लेकिन यह चुनावी मंचों का नारा ज्यादा दिख रहा है। जमीनी स्तर पर लड़ाई एकतरफा कतई नहीं है।

मतदान का दिन होगा निर्णायक

क्षेत्र का माहौल बता रहा है कि मतदान के दिन जो हवा चलेगी, वह निर्णायक होगी। दोनों प्रत्याशी जोर लगा रहे हैं, लेकिन नरसिंहपुर में दर्शन सिंह चौधरी के लिए उल्टी धार पर नाव चलाने जैसे हालात होंगे तो कुछ ऐसी ही हालात संजय शर्मा के लिए इटारसी, नर्मदापुरम, सिवनी विधानसभा क्षेत्र में होंगे, जहां देरी से प्रचार शुरू करने के बीच वह पर्याप्त समय भी नहीं दे पाए हैं। 26 अप्रैल को मतदान के दिन की कड़ी धूप में किस क्षेत्र के और किसके समर्थक ज्यादा बाहर निकलते हैं, कतार में लगते है, वह निर्णायक होगा।


अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 09 July 2026
 भोपाल। मध्य प्रदेश पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार को समाप्त करने के लिए त्रिवार्षिक कार्ययोजना तैयार की है। बुधवार को डीजीपी कैलाश मकवाणा की उपस्थिति में एडीजीपी नारकोटिक्स…
 09 July 2026
 भोपाल। राजधानी में बड़े तालाब के कैचमेंट एरिया से लगे नीलबड़, रातीबड़, कलखेड़ा और आसपास के क्षेत्रों में प्रॉपर्टी की मांग तेजी से बढ़ रही है। मास्टर प्लान में इन…
 09 July 2026
भोपाल । वैसे तो मुख्यमंत्री का आकलन राज्य के विकास और जन कल्याणकारी योजनाओं की सफलता में निहित होता है, लेकिन मध्य प्रदेश में डॉ. मोहन यादव के खाते में…
 09 July 2026
भोपाल । ऐशबाग थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पार करते समय एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा मंगलवार रात बरखेड़ी के पास हुआ।ट्रेन…
 09 July 2026
भोपाल। राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग यानी एनएमसी ने पढ़ाई की गुणवत्ता और अस्पताल प्रबंधन की निगरानी के लिए देश भर के सभी मेडिकल कॉलेजों को अपने कमांड एंड कट्रोल सेंटर से…
 09 July 2026
भोपाल । बरकतउल्ला विश्वविद्यालय में व्याप्त अनियमितताओं और लापरवाही के विरोध में एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं और छात्रों ने कुलगुरु कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है।एनएसयूआई जिला प्रभारी…
 09 July 2026
भोपाल । वर्षों से सड़क, बिजली, पानी, सीवेज और अन्य बुनियादी सुविधाओं के अभाव में रह रहे भोपाल की विभिन्न कॉलोनियों के रहवासियों का गुस्सा गुरुवार को जिला प्रशासन की…
 09 July 2026
भोपाल। प्रदेश में पहली बार भोपाल की सेंट्रल जेल में कैदियों की नशे की लत छुड़ाने के लिए केंद्र बनाया जाएगा। सामाजिक न्याय विभाग के सहयोग से यह केंद्र तैयार…
 09 July 2026
भोपाल। राजधानी में मानसिक रूप से कमजोर एक किशोरी से उसके दो नाबालिगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया और उसके वीडियो रिकॉर्ड किए। घटना के बाद पीड़िता यह बात किसी को…
Advt.