
भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में आगामी दिनों में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम होंगे। प्रदेश, सांस्कृतिक पुनरुत्थान कार्यक्रम के साथ भाषाई गुलामी से मुक्ति पर केन्द्रित कार्यक्रमों का साक्षी होगा। मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में एक से 7 नवम्बर तक सभी जिलों में गतिविधियाँ संचालित की जाएंगी। साथ ही लाड़ली लक्ष्मी और प्रधानमंत्री आवास योजना में गृह प्रवेशम् कार्यक्रम होंगे। मुख्यमंत्री चौहान निवास कार्यालय से सभी कलेक्टर्स को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव सामान्य प्रशासन विनोद कुमार और पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्सेना उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी 11 अक्टूबर को उज्जैन में "महाकाल लोक" का लोकार्पण करेंगे। यह भारत के सांस्कृतिक प्रोत्थान का कार्यक्रम है। प्रदेश के सभी मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे और लोक-कल्याण की कामना और प्रार्थना के साथ कार्यक्रम होंगे। इनमें संतगण, विभिन्न समाजों के प्रमुख तथा मालवा-निवाड़ क्षेत्र के सरपंच, मुकद्दम, तड़वी आदि सम्मिलित होंगे।