भोपाल, । राजधानी भोपाल के कोलार क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जोन क्रमांक 19 में स्वच्छता निरीक्षण के लिए पहुंची महापौर ने यहां की सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर नाराजगी जताई है। महापौर ने निरीक्षण के दौरान एएचओ से सवाल-जवाब किए जिसका वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। बाद में महापौर ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों की गिनती की, जिसमें कई सफाई कर्मचारी नदारद पाए गए। इसके बाद महापौर ने पूरे जोन में काम पर लगे सभी स्वच्छताकर्मियों को तीन पालियों में बांटकर काम करने को कहा है। महापौर ने इस दौरान पहली शिफ्ट सुबह सात बजे से लेकर दोपहर दो बजे तक रखने को कहा है। इस दौरान सफाई की मानिटरिंग बेहतर तरीके से करने की ताकीद की है।
उन्होंने निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी के न होने पर भी नाराजगी जताई है। महापौर ने कहा कि वे इस मामले की शिकायत कमिश्नर केवीएस चौधरी से करेंगी। बता दें इन दिनों महापौर मालती राय स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 के पहले शहर की सफाई व्यवस्था की हकीकत जानने सभी जोन का निरीक्षण कर रही है।
महापौर मालती राय ने देर शाम एक अन्य जोन क्रमांक 20 की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान महापौर ने दोपहर बाद सफाई व्यवस्था में सुस्ती आने पर नाराजगी जताई है। महापौर ने कहा है कि बाजारों में विशेष तौर पर सुबह और दोपहर के समय सफाई कराई जाए, ताकि स्वच्छता को लेकर निगम के प्रयास सही साबित हों।
निगम ने जब्त की 55 किलो पालिथीन
नगर निगम द्वारा हाट बाजारों में पालिथीन का उपयोग रोकने के लिए शुक्रवार को कार्रवाई की गई। इस दौरान 55 किलो पालिथिन जब्त कर नष्ट की गई। अमले ने हाट बाजार में की गई कार्रवाई के बाद सब्जी व्यापारियों को समझाइश भी दी।