
महाशिवरात्रि पर्व पर रायसेन जिले के किले की पहाड़ी पर स्थित सोमेश्वर धाम और भोजपुर शिव मंदिर में सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की पूजा अर्चना के साथ अभिषेक किया।
प्राचीन सोमेश्वर धाम के ताले सुबह 5:45 बजे तहसीलदार अजय प्रताप पटेल थाना प्रभारी जगदीश सिंह सिद्धू की मौजूदगी में पुरातत्व विभाग द्वारा खोले गए। इस मौके पर सोमेश्वर धाम समिति के सदस्य भी मौजूद रहे। इस साल श्रद्धालुओं की भीड़ ज्यादा रही। सुबह मंदिर के पट खुलने के पहले ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु किले की पहाड़ी पर पहुंच गए थे। ताले खुलने के बाद मंदिर में जैसे ही भक्तों ने प्रवेश किया, हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा। देखते ही देखते श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती गई। सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन द्वारा मंदिर के पास में बैरिकेडिंग की गई है।
मंदिर में की गई आकर्षक साज-सज्जा
सोमेश्वर धाम में पहली बार समिति की ओर से पूरे मंदिर को आकर्षक तरीके से सजाया गया है। रंगीन लाइट भी लगाई गई है। समाजसेवियों द्वारा मंदिर परिसर के पास सोमेश्वर धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को फलाहार का वितरण किया गया।