भोपाल। शहर में प्रतिदिन सांस्कृतिक, सामाजिक, कलात्मक, खेल, धार्मिक आदि गतिविधियों का सिलसिला चलता रहता है। शनिवार 01 जुलाई को भी शहर में कई ऐसी गतिविधियां हैं, जिनका आप आनंद उठा सकते हैं। यहां हम कुछ ऐसे चुनींदा कार्यक्रमों की जानकारी पेश कर रहे हैं, जिसे पढ़कर आपको अपनी दिन की कार्ययोजना बनाने में आसानी होगी।
माह का प्रादर्श - इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय के अंतरंग भवन वीथि संकुल में माह के प्रादर्श श्रृंखला के अंतर्गत जून माह के प्रादर्श के रूप में नदी टोला, गुमला, झारखंड के ओरांव समुदाय से संकलित पारंपरिक ‘जाता - एक पारंपरिक हस्तचालित चक्की’ को प्रदर्शित किया गया है। पाषाण से निर्मित यह चक्की अनाज पीसने में उपयोग होती थी। मानव संग्रहालय में आप इसका अवलोकन सुबह 11 बजे से कर सकते हैं।
चित्र प्रदर्शनी - रेखाओं को जोड़कर चटख रंगों से बनाए गए पशु-पक्षी एवं जानवरों के चित्र सभी को आकर्षित करते हैं। ऐसे ही चित्रों को निहारने का अवसर कला प्रेमियों को जनजातीय संग्रहालय में मिल रहा है। गोंड समुदाय की चित्रकार रजनी धुर्वे के चित्रों की प्रदर्शनी लिखंदरा दीर्घा में सजाई गई है। इस प्रदर्शनी को दोपहर 12 बजे से रात आठ बजे तक देखा जा सकता है।
शिल्प बाजार - मध्य प्रदेश हस्तशिल्प एवं हथकरघा विकास निगम की ओर से गौहर महल में शिल्प बाजार दीवान-ए-खास का आयोजन किया जा रहा है। प्रदर्शनी में शिल्पकार और बुनकर स्वयं उपस्थित होकर अपने उत्पादों का प्रदर्शन और विक्रय करेंगे। समय दोपहर 12 बजे से रात नौ बजे तक है।
संगीत संध्या - राज्य संग्रहालय में 'गीतों से सजी सुरमयी शाम आपके नाम' कार्यक्रम का आयोजन ऐरोहैड म्यूजिकल ग्रुप द्वारा किया जा रहा है। गीतों से सजी सुरीली शाम में राजेश सरीन, अनिरुद्ध घोष, हेमंत, मधुसूदन, ओपी मालवीय, ललिता, प्रतिमा, शालिनी सहित बड़ी संख्या में गायक अपनी सुमधुर आवाज में हिंदी फिल्मी गीतों को प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम का समय शाम चार बजे से है।