शेयर बाजार 3 दिन रहेगा बंद, ट्रेडिंग का आज आखिरी मौका, जानिए क्या है वजह
Updated on
28-04-2023 06:54 PM
नई दिल्ली: आज कारोबारी सप्ताह का अंतिम दिन है। इसके बाद शेयर बाजार (Stock Market) तीन दिनों के लिए बंद रहने वाला है। अगर आप शेयर बाजार में निवेश करते हैं तो यह खबर आपके काम की है। दरअसल सोमवार को शेयर बाजार बंद रहेगा। आज यानी 28 अप्रैल 2023 को शेयर बाजार में कारोबार होगा। 29 अप्रैल को शनिवार और 30 अप्रैल को रविवार के चलते शेयर बाजार (Stock Market) बंद रहेगा। इसके बाद 1 मई 2023 को सोमवार है। इस दिन भी शेयर बाजार में कारोबार नहीं होगा। बाजार बंद रहेगा। दरअसल एक मई को देशभर में मजदूर दिवस मनाया जाएगा। वहीं इस दिन महाराष्ट्र दिवस भी है। इसी के चलते एक दिन का अवकाश (Stock Market Holiday) रहेगा। इसी की वजह से शेयर बाजार (Stock Market) भी बंद रहेगा। बीएसई की आधिकारिक वेबसाइट में इसकी जानकारी दी गई है। बाजार में अगला कारोबार 2 मई को होगा।
इधर शेयर बाजार में पिछले कुछ दिनों से लगातार तेजी देखने को मिल रही है। गुरुवार को भी शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुए थे। इस दौरान बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 348.80 अंक यानी 0.58 प्रतिशत चढ़कर 60,649.38 अंक पर बंद हुआ था। कारोबार के दौरान एक समय यह 397.73 अंक तक उछल गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का मानक सूचकांक निफ्टी भी 101.45 अंक यानी 0.57 प्रतिशत की बढ़त के साथ 17,915.05 अंक पर पहुंच गया था।
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, इन्फोसिस, भारती एयरटेल, कोटक महिंद्रा बैंक, लार्सन एंड टुब्रो, महिंद्रा एंड महिंद्रा, आईटीसी, टेक महिंद्रा, टाटा स्टील, टाटा मोटर्स, टाइटन, रिलायंस इंडस्ट्रीज और नेस्ले के शेयर लाभ में रहे थे। दूसरी तरफ हिंदुस्तान यूनिलीवर, पावर ग्रिड, एक्सिस बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, भारतीय स्टेट बैंक, एशियन पेंट्स और विप्रो के शेयर नुकसान के साथ बंद हुए थे।
हालांकि आज शेयर बाजार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई है। बाजार लाल रंग के निशान पर खुला है। सेंसेक्स और निफ्टी 50 दोनों में ही गिरावट के साथ कारोबार हो रहा है।