स्पाइसजेट ने बनाया कॉस्ट कटिंग का प्लान, इस तरह 100 करोड़ रुपये बचाएगी ये कंपनी
Updated on
13-02-2024 05:14 PM
नई दिल्ली: किफायती उड़ान सेवाएं देने वाली एविशन सेक्टर की दिग्गज एयरलाइन स्पाइसजेट (SpiceJet) ने कॉस्ट कटिंग का पूरा प्लान तैयार किया है। स्पाइसजेट पहले से ही नकदी संकट से जूझ रही है। स्पाइसजेट एयरलाइंस ने कंपनी के ऊपर निवेशकों की दिलचस्पी बनाए रखने और नकदी की कमी को पूरा करने के लिए कॉस्ट कटिंग का फैसला किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी कुछ निवेशकों से 2200 करोड़ रुपये के कैपिटल इंफ्यूजन की प्रक्रिया में है। एयरलाइन ने कहा है कि फंडिंग प्रोजेक्ट्स पटरी पर हैं और जल्द ही इसकी घोषणा हो सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, नकदी की कमी की वजह से स्पाइसजेट में काम करने वाले कर्मचारियों को सैलरी मिलने में देरी हो रही थी। एयरलाइन के कर्मचारियों का वेतन बिल करीब 60 करोड़ रुपये रहा है। यह एक बड़ी वजह है कि कंपनी स्थिति में सुधार करने के लिए लागत को कम करने का हरसंभव प्रयास कर रही है।