इंदौर। पश्चिम रेलवे ने विगत दिनों इंदौर से भिवानी, महू- दानापुर, इंदौर-पुणे और इंदौर-कटरा ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेन शुरू करने की घोषणा की थी। इसमें से दो स्पेशल ट्रेन महू-दानापुर और इंदौर-भिवानी सोमवार से शुरू होने जा रही है। दानापुर स्पेशल ट्रेन के थर्ड एसी, सेकंड एसी और स्लीपर कोच वेटिंग है, जबकि भिवानी में एसी कोच में बुकिंग हो चुकी है और स्लीपर में कुछ सीटें अभी खाली हैं।
इंदौर को पश्चिम रेलवे द्वारा पहले इंदौर-पटना ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेन की सौगात दी गई थी, लेकिन यात्रियों के दबाव को देखते हुए अब चार स्पेशल ट्रेन की घोषणा और की गई है। इसमें से महू से दानापुर के लिए साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 15 मई से शुरू हो रही है। ये ट्रेन दोपहर 2:50 बजे महू से चलेगी और इंदौर से 3:25 पर निकल कर अगले दिन दोपहर 4:15 बजे दानापुर पहुंचेगी।
इंदौर से भिवानी के लिए ट्रेन सप्ताह में दो बार चलेगी और सोमवार और शुक्रवार को इंदौर से उपलब्ध होगी। इंदौर से शाम 7:20 निकलकर ये अगले दिन दोपहर 1:00 बजे के आसपास भिवानी पहुंचेगी।
इसी सप्ताह यह ट्रेन भी होगी शुरू
इंदौर से वैष्णोदेवी के लिए समर स्पेशल साप्ताहिक ट्रेन 17 मई से शुरू होगी। यह ट्रेन इंदौर से रात 11:30 बजे चलकर अगले दिन रात में 12:30 बजे कटरा पहुंचेगी। इंदौर से पुणे के लिए साप्ताहिक ट्रेन 18 मई से शुरू होगी। इंदौर से ट्रेन का समय सुबह 11:15 बजे होगा और करीब रात 3:00 बजे के आसपास यह पुणे पहुंचेगी।