भोपाल। आजकल मोबाइल पर आनलाइन गेमिंग का चलन बढ़ गया है। मनोरंजन जगत से जुड़े कई सेलेबिटीज भी विज्ञापनों में आनलाइन गेमिंग एप का प्रचार करते नजर आते हैं। भोपाल शहर के एक सामाजिक संगठन सिंधु सेना ने इस पर चिंता प्रकट की है और जूपी एवं अन्य आनलाइन गेम का प्रचार कर रहे कपिल शर्मा, सलमान खान एवं अन्य अभिनेताओं से मांग की है कि वे इनका प्रचार करना बंद करें, ताकि युवा पीढ़ी का भविष्य खराब न हो।
युवा पीढ़ी को अपना शिकार बना रही आनलाइन गेमिंग
सिंधु सेना अध्यक्ष राकेश कुकरेजा ने कहा कि आनलाइन गेमिंग भी एक तरह का जुआ ही है। यह आनलाइन गेमिंग खासकर युवा पीढ़ी को अपना शिकार बना रही है। आनलाइन गेम में अच्छी-खासी रकम हार जाने से हताश लोग आए दिन खुदकुशी करने जैसा कदम उठा रहे है। अभिनेताओं को हमारा समाज विशेषकर युवा पीढ़ी एक आदर्श के रूप में देखती है एवं उनके नक्शे कदम पर चलती है। ऐसे में समर्थ अभिनेताओं द्वारा आनलाइन गेम का प्रचार उन्हें हताशा और मौत के मुंह में धकेल रहा है। ये अभिनेता इतने सक्षम है कि अगर ये जुए या सट्टेबाजी जैसे इन आनलाइन गेम्स का प्रचार न भी करें, तो इनके घर में राशन की कमी नहीं होगी। इस पर भी यदि उन्हें ऐसा लगता है तो सिंधु सेना द्वारा उन्हें राशन भेजा गया है और हम उनसे अपील करते हैं कि युवा पीढ़ी का ख्याल करते हुए वह इनका प्रचार करना बंद करें।