भोपाल। शहर में सांस्कृतिक, सामाजिक, कलात्मक, खेल, धार्मिक आदि गतिविधियों का सिलसिला चलता रहता है। गुरुवार 18 मई को भी शहर में कई ऐसे कार्यक्रम हैं, जिनका आप आनंद उठा सकते हैं। हालांकि आप यह भी न भूलें कि कोरोना संक्रमण के मामले एक बार फिर सामने आने लगे हैं। लिहाजा, आपको हमारी सलाह है कि घर से बाहर निकलते समय आप मास्क का उपयोग करें और सुरक्षित शारीरिक दूरी का ध्यान रखें। यहां हम कुछ ऐसे चुनींदा कार्यक्रमों की जानकारी पेश कर रहे हैं, जिसे पढ़कर आपको अपनी दिन की कार्ययोजना बनाने में आसानी होगी।
प्रदर्शनी - ज्ञान तीर्थ माधवराव सप्रे संग्रहालय में आज से विशेष प्रदर्शनी लगने जा रही है। इस प्रदर्शनी में सप्रे संग्रहालय में सहेजी गई दुर्लभ सामग्री जैसे ऐतिहासिक घटनाओं के साक्षी समाचारपत्रों, पोथियों, सिक्कों, डाक टिकटों, लेखनियों तथा प्राचीन ग्रंथों को प्रदर्शित किया जा रहा है। प्रदर्शनी का अवलोकन आगामी 25 मई तक सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक किया जा सकता है।
माह का प्रादर्श - इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय के अंतरंग भवन वीथि संकुल में माह का प्रादर्श श्रंखला के तहत छत्तीसगढ़ी लोक वाद्य 'चिकारा' का प्रदर्शन किया जा रहा है। आप इसका अवलोकन सुबह 11 बजे से कर सकते हैं।
नाट्य प्रशिक्षण - चिल्ड्रंस थिएटर अकादमी एवं अर्घ्य कला समिति के संयुक्त तत्वावधान में बाल प्रतिभागी एवं युवा कलाकारों को नाटक से सम्बन्धित सम्पूर्ण विधियों का प्रशिक्षण पांच जून तक प्रतिदिन दिया जा रहा है। अर्घ्य प्रेक्षागृह गांधी भवन परिसर में प्रशिक्षण शिविर चल रहा है, जिसमें बाल प्रशिक्षुओं का समय सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक तथा युवा प्रशिक्षुओं का समय शाम 5.30 बजे से रात 8:30 बजे तक रहेगा।
चित्र प्रदर्शनी - श्यामला हिल्स पर स्थित मध्य प्रदेश जनजातीय संग्रहालय की लिखंदरा दीर्घा में भील चित्रकार गंगुबाई के चित्रों की प्रदर्शनी सजाई गई है। आप इसका अवलोकन दोपहर 12 बजे से कर सकते हैं।
काटन कलेक्शन मेला - मध्य प्रदेश हस्तशिल्प एवं हाथकरघा विकास निगम की ओर से गौहर महल में काटन कलेक्शन मेला का आयोजन किया जा रहा है। 21 मई तक चलने वाले मेले में चंदेरी, वारासिवनी, महेश्वर आदि की सड़ियां, सूट और ज्वेलरी खास है। समय प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से रात नौ बजे तक रहेगा।
प्रज्ञा योग - शहर के मालवीय नगर न्यू मार्केट में पांच से 18 वर्ष के बच्चों के लिए दि आर्ट आफ लिविंग संस्था की ओर से दो दिवसीय प्रज्ञा योग का आयोजन गुरुवार से शुरू हो रहा है। दोपहर तीन से शाम छह बजे तक शिविर चलेगा। प्रज्ञा योग सरल व्यायाम और ध्यान द्वारा अंतः प्रज्ञा क्षमताओं को विकसित करने का एक अद्वितीय तरीका है।
व्याख्यान - विश्व संग्रहालय दिवस पर दुष्यंत कुमार स्मारक पांडुलिपि संग्रहालय में 'संग्रहालय, समाज और मीडिया' विषय पर व्याख्यान का आयोजन किया जा रहा है। अध्यक्षता वसंत निर्गुणे करेंगे। मुख्य अतिथि मनोज श्रीवास्तव और विशिष्ट अतिथि डा मनोज कुमार कुर्मी होंगे। इस मौके पर दुर्लभ पुस्तक प्रदर्शनी भी लगेगी। समय शाम पांच बजे से है।