भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव की घड़ी जैसे-जैसे पास आती जा रही है, मेल-मुलाकात को दौर भी तेज हो गया है। लंबे समय से उपेक्षा के कारण नाराज बताए जा रहे नेताओं से भाजपा के वरिष्ठ नेताओं द्वारा चर्चा की जा रही है। रविवार को पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा ने भोपाल में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच करीब आधे घंटे तक बंद कमरे में चर्चा हुई।
अनूप मिश्रा 2013 का विधानसभा चुनाव हार गए थे। पार्टी ने उन्हें वर्ष 2014 में मुरैना से लोकसभा चुनाव लड़ाया और वे निर्वाचित हुए।हालांकि, वर्ष 2018 में भितरवार सीट से फिर विधानसभा चुनाव लड़ा और हार गए।
तब से ही उपेक्षित चल रहे हैं। पिछले दिनों उन्होंने फिर विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। इस पर निर्णय तो बाद में होगा पर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डा. गोविन्द सिंह ने उन्हें कांग्रेस में शामिल होने का सुझाव दिया।
रविवार को वे भोपाल पहुंचे और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष से मुलाकात की। इस सौजन्य मुलाकात बताया जा रहा है पर सूत्रों का कहना है कि वर्तमान राजनीतिक स्थितियाें को लेकर चर्चा हुई।
सत्यनारायण सत्तन भी मुख्यमंत्री से कर चुके हैं मुलाकात
पूर्व विधायक सत्यनारायण सत्तन ने एक दिन पहले ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुलाकात की। वे भी लंबे समय से उपेक्षित चल रहे हैं और अपनी नाराजगी भी जता चुके हैं। उनके साथ इंदौर जिले के अन्य भाजपा नेता भी साथ थे।