
भोपाल मप्र में पीएम मित्र पार्क और मेडिकल डिवाइस पार्क के साथ ही ग्लोबल स्किल पार्क शुरू करने का उद्देश्य युवाओं को रोजगार देना है। रोजगार के जोड़ने के लिए युवाओं को हुनर देना भी आवश्यक है। मप्र में लगातार निवेश आ रहा है जिससे युवाओं को रोजगार मिल रहा है। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आइटीआइ) गोविंदपुरा में मेगा जाब फेयर एवं श्रमिक चौपाल को संबोधित करते हुए कहीं। इस अवसर पर पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री भूपेंद्र यादव, मुख्यमंत्री, मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने एक क्लिक कर डिजी उड़ान पोर्टल का शुभारंभ भी किया।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी युवाओं को रोजगार देने के लिए चिंतित रहते हैं इसलिए हर माह रोजगार मेले लगाते हैं। आफर लेटर भी प्रधानमंत्री जी अपने हाथों से देते हैं। मप्र में अगस्त तक एक लाख सरकारी पदों पर भर्ती का लक्ष्य है। यह पूरा होते ही 50 हजार पदों पर भर्ती शुरू की जाएगी। प्रदेश में चार श्रमोदय विद्यालय खोले गए हैं जिनमें श्रमिकों के बच्चे पढ़ रहे हैं। वहीं 10 नए संभागीय आइटीआइ में आधुनिक पाठ्यक्रमों का समावेश किया जा रहा है।