प्लास्टिक की कविता आ गई है जो देखने में बहुत सुंदर है, लेकिन उसमें कोई खुशबू नहीं होतीः कवयित्री अनामिका

Updated on 25-02-2023 10:24 PM
हिंदी की प्रसिद्ध कवयित्री अनामिका समकालीन हिंदी कविता की सबसे चर्चित शख्सियत में शुमार की जाती हैं। उनके कविता संग्रह 'टोकरी में दिगंत : थेरीगाथा' के लिए उन्हें 2021 में साहित्य अकादमी सम्मान भी मिल चुका है। इन दिनों हिंदी कविता के क्षेत्र में क्या हो रहा है, खासकर महिलाएं हिंदी साहित्य में क्या कर रही हैं, इन्हीं सब मुद्दों पर अनामिका से बात की राहुल पाण्डेय ने। पेश हैं बातचीत के अहम अंश:हमने आपके मीठा बोलने के बड़े किस्से सुने हैं। इतना मीठा कैसे बोलती हैं? चीनी पीती हैं (हंसते हुए)?
कड़वाहट झेलने का एक ही उपाय है कि आदमी कड़वाहट का मुकाबला करने वाली बोली बोले। आदमी कड़वाहट को काउंटर कैसे करेगा, जब तक उसके अंदर शहद का छत्ता ना हो। फिर कुछ हम लोगों की मुजफ्फरपुर की मिट्टी का भी असर है। हमारे यहां सभी लोग आराम से बोलते हैं तो उन्हें सुनने का भी मन करता है, और यह सिर्फ मिठास की बात नहीं है। जब आप आराम से बोलते हैं तो सामने वाले को भी बोलने का मौका देते हैं। अब दिल की बात जोर-जोर से बोलने पर न तो कोई सुनेगा, न उस पर कोई बोल पाएगा।
हिंदी कविता का अभी जो परिदृश्य है, वह कैसा लगता है? खासकर पिछले कुछ वर्षों में जब इंसान एक कमरे में बंद था और चाहे-अनचाहे उसने जाने कितने दुख झेले...
इंटरनेट पर विश्व कविता और भारतीय कविताओं के बहुत सारे अनुवाद उपलब्ध हैं। अब क्या होता है कि अकेलापन तो बढ़ ही गया है। इंसान छोटे कमरे में सारा दिन इंटरनेट पर रहता है। और आप वहां के नहीं हैं जहां आप रह रहे हैं। कभी कोई सूचना मिली कि कोई चला गया, कभी नौकरी छूट गई, कभी प्रेम टूट गया। इतने बड़े-बड़े हादसे आप अपने छोटे से कमरे में कैसे झेल रहे हैं? शहर में आज किसी के पास आंख से आंख मिलाकर देखने या सीधे मुंह बोलने की फुरसत नहीं है, तो ऐसे में कविता बहुत मदद करती है। जब कोई मनुष्य नहीं होता कि जिसके कंधे पर आप सिर रखकर रो सकें तो आप इंटरनेट पर कविताएं पढ़ते हैं, उससे आपको सहारा मिलता है। जब आदमी बिलकुल अकेला होता है तो कविता का सहारा लेता है और कविता आपके अकेलेपन को, आपके पूरे होने को एक छोटे से स्पेस में कंडेंस कर देती है। तो होता क्या है कि मेरा अकेलापन आपके अकेलेपन से रूबरू होता है तो दोनों के अकेलेपन आपस में मिलकर गठबंधन बना लेते हैं और अकेलापन जाता रहता है।

यह तो यूथ की बात हुई। लेकिन इस सीन में खुद आप हैं, और भी बहुत सारे लोग हैं जो लिख रहे हैं। वे कैसा लिख रहे हैं? नए हिंदी साहित्य में कैसी क्वॉलिटी आ रही है?
आप बहुत सारी कविताएं ऐसी पढ़ेंगे कि लगेगा यह तो किसी चीज का अनुवाद है। इंटरनेट पर बहुत सारी कविताएं हैं, ऐसे में अपनी मिट्टी या अनुभव से जुड़ी कविताएं न करके उन्हीं के मॉडल पर आपको कविताएं लिखना आता है, जबकि अनुभव तो रेडीमेड नहीं होता है ना। कविताएं वही अच्छी होती हैं जो अपनी मिट्टी और अनुभव से निकली होती हैं। कुछ अपने अनुभव से लिखते हैं, मगर कुछ ऐसे भी लोग हैं जो केवल फैशन में लिखते हैं।

जो लोग फैशन में लिखते हैं, उनकी पहचान कैसे करें?

अगर आप जोर-जोर से कविता पढ़िएगा तो आपके भीतर ध्वनि उतरेगी। कुछ न कुछ आपके भीतर रह जाएगा, चाहे वह कविता का बनाया बिंब हो या लय। थोड़ी देर सब कुछ भूलकर अकेले में सोचिए कि कविता पढ़ने के बाद कोई चीज आपके पास लौटी या नहीं लौटी? अगर आपके अंदर कुछ रह गया है तो समझिए कि कविता अच्छी थी। फैशन वाली कविताओं में बड़े सुंदर शब्द होते हैं, मगर वो ऐसे ही होते हैं जैसे प्लास्टिक का गुलाब। उसमें प्लास्टिक के शब्द भरे होते हैं, इसलिए जब आप उसे पढ़ते हैं तो कुछ नहीं मिलता।

मतलब हिंदी साहित्य में अब प्लास्टिक की कविता आ गई है?
हां, प्लास्टिक की कविता आ गई है। देखने में बहुत सुंदर है, लेकिन उसमें कोई खुशबू नहीं होती। अनुभव से कविता समृद्ध होती है, जिससे लगता है कि यह कविता तो मेरे ही ऊपर है, मेरी ही कहानी है। वह अनुभव इनमें नहीं है, इसलिए ऐसी कविताएं किसी को अपनी नहीं लगतीं।
इन दिनों मातृभाषा और हिंदी भाषा पर काफी बहस हो रही है। आपका क्या कहना है?
सूत्रधार भाषा तो हिंदी रही है। इसे सूत्रधार भाषा का दर्जा इसलिए दिया गया, क्योंकि सभी राजनेता उसी में बोलते थे। आज भी हिंदी का चरित्र ऐसा है कि वह सबसे ज्यादा अनुवाद करती है भारतीय भाषाओं में। उसका किसी से कोई रगड़ा नहीं है। वह भारतीय भाषाओं में सबसे छोटी बेटी है, वह सभी में आती-जाती है। और मातृभाषाएं तो हिंदी की नानी हैं, और हिंदी हमारी मां है। नानी और मां में कैसा झगड़ा, वह तो प्रेम का रिश्ता है। हिंदी में तो सभी शब्दों को बराबरी की चटाई पर बैठाया गया है, तत्सम हों, तद्भव हो या फिर देशज।

महिलाएं आलोचना के क्षेत्र में क्यों नहीं हैं? क्यों उनकी आलोचना में जरूरत है?
महिलाओं को कौन सीरियसली लेता है? ऐसा नहीं है कि वे आलोचना कर नहीं सकतीं, लेकिन बौद्धिकता से स्त्रियों को एकाकार करके देखने का चलन नहीं है। लोग सोचते हैं कि भावोच्छास है, इसलिए कविता-कहानी लिख लेगी, मगर चिंतन कहां कर पाएगी? इसी कारण वे लिखती भी हैं तो समीक्षाएं लिखती हैं। उनसे बुक रिव्यू लिखवाकर छोड़ दिया जाता है। जिस तरह से कविता और कहानी की भाषा बदली है तो आलोचना की भी भाषा और तरीका बदलना होगा। दूसरी भाषाओं, मसलन- मराठी हो या मलयाली, महिला आलोचक खूब हैं। एक हिंदी है, जिसमें नहीं हैं।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 19 September 2026
भास्कर रिपोर्टर प्रमोद साहू ने साइबर क्राइम एक्सपर्ट मुकेश चौधरी के साथ बातचीत की। इस दौरान एक्सपर्ट ने कहा कि बच्चों के हाथ में फोन और उसमें ऑनलाइन गेम अब…
 19 September 2026
मुंबई के पवई स्थित IIT बॉम्बे में साहिल वाकोडे नाम के स्टूडेंट की शुक्रवार शाम मौत हो गई। मुंबई पुलिस के मुताबिक, साहिल ने हॉस्टल के कमरे में फंदे से…
 19 September 2026
नई दिल्ली: रिश्वत की शिकायत मिली, CBI ने तुरंत FIR दर्ज की और कुछ ही घंटों में जाल बिछा दिया गया। सुप्रीम कोर्ट ने इस तेजी पर सवाल उठाते हुए…
 19 September 2026
नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने POCSO एक्ट को लेकर अहम फैसला सुनाया है। कोर्ट ने साफ किया कि आरोपी के खिलाफ दोष की वैधानिक धारणा का मतलब यह नहीं है…
 19 September 2026
नई दिल्ली: दिल्ली में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म और हत्या की घटना को लेकर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने महिला सुरक्षा का मुद्दा उठाया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर…
 19 September 2026
अनिल बलूनी: नई दिल्ली के भारत मंडपम में BRICS सम्मेलन के पहले ही दिन जब ‘नई दिल्ली डिक्लेरेशन’ की घोषणा हुई, तो वह केवल एक औपचारिक कूटनीतिक वक्तव्य नहीं था,…
 18 September 2026
बैंगलुरू: इंडियन एयरफोर्स को आज (शुक्रवार) दो LCA मार्क-1 ट्रेनर एयरक्राफ्ट और तीन बेसिक ट्रेनर एयरक्राफ्ट HTT40 की डिलीवरी हो जाएगी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी में ये कार्यक्रम…
 18 September 2026
नई दिल्ली: पूर्व IPS अधिकारी और पुडुचेरी की पूर्व उपराज्यपाल किरण बेदी ने दिल्ली हाई कोर्ट में अर्जी दाखिल कर सत्य निकेतन में PG इमारत ढहने से 7 लोगों की…
 18 September 2026
नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के पूर्व ADC मेजर ऋषभ सिंह सांब्याल ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर अपना पेड सब्सक्रिप्शन मॉडल शुरू किया है, जिसके जरिए वे मोटी कमाई…
Advt.