भोपाल। शहर के बिट्टन मार्केट दशहरा मैदान पर सात दिवसीय श्रीराम कथा महोत्सव सोमवार को कलश यात्रा के साथ शुरू हो गया। शाम पांच बजे बजे भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गई। जिसमें सैकड़ों संख्या में श्रद्धालु महिलाएं पीले वस्त्र धारण कर सिर पर कलश लेकर चल रही थीं। भगवान श्रीराम, सीता, लक्ष्मण व हनुमान जी बने कलाकार आकर्षक का केंद्र रहे। आने-जाने वाले लोग सजे कलाकारों को देखते रहे। वहीं श्रद्धालु भक्तगण ध्वज पताका के साथ जयघोष करते हुए साथ चल रहे थे। डीजे और ढोल नगाड़ों के साथ कलश यात्रा का क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से होकर निकाली गई।
धर्मावलंबियों की ओर से जगह-जगह मंच सजाकर यात्रा का पुष्प वर्षा की गई। श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। कलश यात्रा 1100 क्वार्टर हनुमान मंदिर के पीछे मां दुर्गा मंदिर प्रांगण से शुरू हुई, जो 10 नंबर मार्केट, बिट्टन मार्केट होती हुई कथा स्थल पर समापन हुआ। कलश यात्रा में मुख्य यजमान व संस्कार उत्सव समिति के संयोजक डा सुरजीत सिंह चौहान सपत्नीक ने सिर पर श्रीरामचरितमानस लेकर चल रहे थे। हरिद्वार से पधारी साध्वी डा विश्वेश्वरी देवी 21 मई तक रोजाना शाम पांच से रात 8:30 बजे तक श्रीराम कथा का वाचन करेंगी। कलश यात्रा में मुख्य रूप से ब्राह्मण समाज की ओर से पंडित राकेश चतुवेर्दी, राकेश शर्मा, प्रेम गुरु, रवि गगरानी, पंडित विष्णु राजौरिया, रमन तिवारी, बच्चन आचार्य, वार्ड 51 की पार्षद स्नेहलता भागवत रघुवंशी, पार्षद बाबूलाल यादव, शांतनु शर्मा, मयंक महेश्वरी, धीरेंद्र बहादुर सिंह, राजेश पाठक सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए।