भोपाल। कोलार के रहने वाले एक मरीज ने निजी पैथोलाजी लैब में खून की जांच कराई तो हीमोग्लोबिन का स्तर का 13.4 प्रतिशत प्रति मिलीग्राम निकला। रिपोर्ट जब डाक्टर ने देखी तो उसे जांच पर संदेह हुआ और उसने दूसरी लैब से जांच कराने की सलाह दी। दूसरी लैब में जांच पर हीमोग्लोबिन का स्तर 6.9 प्रतिशत प्रति मिलीग्राम पाया गया। दरअसल मरीज को लंबे समय से खून से सबंधित बीमारी है, जिससे मरीज का हीमोग्लोबिन स्तर हमेशा कम रहता है। अब मरीज के परिजन ने गलत टेस्ट रिपोर्ट देने वाली लैब के खिलाफ पुलिस और सीएमएचओ को शिकायत की है।
मरीज के परिजन अनिल के मुताबिक उनकी पत्नी को खून से संबंधित परेशानी है। उन्होंने साईंनाथ डायग्नोस्टिक सेंटर में विगत मंगलवार को खून की काम्बो जांच कराई। जिसकी रिपोर्ट में हीमोग्लोबिन की मात्रा 13.4 आई, जो सामान्य थी। उनका कहना है कि उनकी पत्नी की रिपोर्ट सामान्य देखकर उन्हें संदेह हुआ। डाक्टर की सलाह के बाद दूसरी लैब से जांच कराई, जिसमें हीमोग्लोबिन 6.9 आया। गलत रिपोर्ट को लेकर कोलार थाने में आवेदन भी दिया है। इस मामले में साईंनाथ डायग्नोस्टिक सेंटर के मनीष चौरसिया का कहना है कि सेंटर पर सिर्फ सैंपल लिया जाता है। सैंपल की जांच मल्टीनेशन लैब में होती है। रिपोर्ट गलत होने की शिकायत उनको मेल करके दी गई है।
इनका कहना है
इस मामले की जानकारी नहीं है। यदि ऐसी शिकायत आती है, तो दोनों लैब की जांच करेंगे। साथ ही शिकायत सही पाई जाने पर एक्शन भी लिया जाएगा