भोपाल। भोपाल शहर को स्वच्छता में नंबर वन बनाने के लिए अब अपर आयुक्त मैदान में उतरेंगे। दरअसल नगर निगम आयुक्त हरेंद्र नारायण ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 की तैयारियों के लिए स्वच्छता एवं सफाई व्यवस्था संबंधी मैदानी अमले के साथ सहयोग, समन्वय एवं पर्यवेक्षण कर शहर के सभी क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए छह अपर आयुक्त को जोनवार जिम्मा सौंपा है।
जानकारी के अनुसार निगमायुक्त ने अपर आयुक्त निधि सिंह, टीना यादव, गुणवंत सेवतकर, रणवीर कुमार सिंह, पवन कुमार को शहर के सभी 21 जोन का जिम्मा सौंपा है। इनके साथ ही निगम के वरिष्ठ अधिकारियों को अपर आयुक्तों के अधीनस्थ क्षेत्रों में जोन स्तर पर नोडल एवं संलग्न अधिकारी का दायित्व सौंपा है। अन्य अधिकारियों को वार्ड स्तर पर सहायक अधिकारी के रूप में जिम्मेदारी सौंपी है। सभी अधिकारी सुबह सात से नौ बजे तक अपने संबंधित क्षेत्रों में भ्रमण कर मैदानी अमले से समन्वय, संसाधनों का अधिकतम प्रभावपूर्ण उपयोग कर उच्च कोटि की सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।
साफ-सफाई में लापरवाही बरतने पर दरोगा को नोटिस
शहर में साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम आयुक्त हरेंद्र नारायण द्वारा लगातार सख्ती बरती जा रही है। निगमायुक्त ने मंगलवार को विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था देखी। इस दौरान उन्हें कोटरा सुल्तानाबाद क्षेत्र में डोर टू डोर कचरा कलेक्शन व्यवस्था नहीं संचालित होने और गंदगी पसरे होना पता चला। इस पर उन्होंने वार्ड क्रमांक 28 के दरोगा राजेश पातरे को विभिन्न स्थानों के फोटो के साथ नोटिस जारी कर चेतावनी दी है। नोटिस में निर्देशित किया है कि दो दिवस में निगम आयुक्त के समक्ष स्वयं उपस्थित होकर अपना उत्तर प्रस्तुत करें, अन्यथा उचित कार्रवाई की जाएगी।