उन्होंने कहा, 'ड्रेसिंग रूम में हम गेंदबाज के प्रदर्शन की अहमियत समझते हैं। मेरे हिसाब से अश्विन देश के महानतम मैच विनर में से एक है। उसने हमारे लिए कई मैच जीते हैं और लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है।'
171 रन बनाने वाले जायसवाल की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा, 'उसने जिस तरह से बल्लेबाजी की, वह शानदार थी। अपने पहले ही टेस्ट में कठिन विकेट पर शतक जमाना जिस पर स्ट्रोक्स खेलना भी आसान नहीं था। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसी की जरूरत है। अलग अलग हालात के अनुसार खुद को ढालना और टीम की जरूरत के अनुसार प्रदर्शन करना। यह देखकर काफी अच्छा लगा । इस प्रदर्शन से आगे उसका भी आत्मविश्वास बढ़ेगा।'
पारस म्हाम्ब्रे ने कहा, 'शुरुआत अच्छी रही है। मुझे लगा नहीं था कि इतनी आसान जीत मिलेगी, इससे आगे के मैचों में मदद मिलेगी।' मौजूदा कैरेबियाई टीम भारत के सामने कहीं नहीं ठहरती, लेकिन म्हाम्ब्रे ने कैरेबियाई टीम को हलके में लेने से इनकार किया। उन्होंने कहा, 'ये सब बाहरी आवाजें हैं। ड्रेसिंग रूम में ऐसी कोई बात नहीं होती। हम यहां अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और उसका सर्वोच्च प्रारूप टेस्ट क्रिकेट खेल रहे हैं । इससे बड़ी प्रेरणा क्या हो सकती है।'