उज्जैन के कार्तिक मेले में हत्या:बहन पर कमेंट्स किए; भाई ने टोका तो मार डाला

Updated on 07-12-2022 05:29 PM

उज्जैन में बहन से छेड़छाड़ का विरोध करने पर भाई की हत्या कर दी गई। कार्तिक मेले में नाव वाले झूले पर कुछ युवकों ने बहन पर कमेंट्स किया। इसका मौसेरे भाई ने विरोध किया। आरोपियों ने उसे घेरकर चाकू घोंपकर हत्या कर दी।

घटना मंगलवार रात 10 बजे की बताई जा रही है। आगर की मास्टर कॉलोनी निवासी दीपू पिता लखन जादम बुधवारिया में रहने वाली मौसी कांताबाई के यहां मिलने आया था। इस दौरान परिवार में एक बच्चे का बर्थडे होने पर दूसरे रिश्तेदार भी आए थे। रात में परिवार के 15 से 20 लोग कार्तिक मेला देखने गए थे। यहां नाव वाले झूले पर कुछ युवकों ने परिवार की एक युवती पर कमेंट्स करते हुए छेड़छाड़ की। इसे लेकर झगड़ा शुरू हो गया।

परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। यह बात सामने आई है कि कार्तिक मेले की पुलिस चौकी पर पदस्थ पुलिसकर्मी संबंधित परिवार को रिपोर्ट लिखाने का कहकर वहां से लेकर आ गए। इस बीच दीपू अकेला रह गया। उसे छेड़छाड़ करने वाले युवकों ने घेर लिया और सीने पर चाकू से वार कर हत्या कर दी। चाकू का एक वार दिल में लगा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

चश्मदीद से जानिए...
संजय माली भी दीपू के साथ मेले में गए थे। उन्होंने बताया, रात में हम मेले में घूमे। झूला खालिक भाई का था। आरोपी भी खालिक के परिवार के ही थे। हम 3 लोग नीचे थे, 4 लोग झूले में बैठे थे। झूले में बैठे दो आरोपी बहन को छेड़ने लगे। गंदे कमेंट्स करने लगे। विरोध करने पर दीपू के साथ मारपीट की। झूला रुकने पर आरोपियों ने फोन कर अपने साथियों को भी बुला लिया था। उनके 20-25 लोग जमा हो गए थे। दीपू को चाकू घोंप दिए। संजय के मुताबिक, 22 साल के दीपू जादम के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। घर में उसकी मां, दादी और दो छोटे भाई हैं। दीपू 10वीं का स्टूडेंट था और खेती-बाड़ी भी देखता था। घर की जिम्मेदारी उसी पर थी।

...विवाद पर पुलिस ने हमलावरों को नहीं पकड़ा
परिवार के सुरेश सोनगरा ने बताया कि दीपू बुधवारिया में रुका था और मंगलवार को मेला देखने के बाद उसे हमारे यहां आना था। मेले में कुछ लड़के परिवार की लड़की को छेड़ रहे थे। वे झूलेवाले के कर्मचारी ही लग रहे थे, जिन्होंने झगड़ा किया। मेले की चौकी के पुलिसकर्मी घटना की सूचना देने पर वहां आए, हमसे कहा- थाने चलो रिपोर्ट लिखाना। इस बीच लड़कों ने दीपू को घेरकर उसकी हत्या कर दी। जब हम लोग थाने पर पुलिस को घटना की जानकारी दे रहे थे, उसी दौरान एक पुलिसकर्मी ने मोबाइल पर फोटो दिखाते हुए हमसे पूछा कि ये कौन है तो हमने बताया कि ये तो हमारा दीपू है।

आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का दावा
महाकाल थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम ने बताया कि आरोपियों की तलाश कर रहे हैं। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। संभवत: विवाद के दौरान ही युवक को चाकू लगा और वहां कोने में गिर गया। घर के लोग थाने रिपोर्ट करने आ गए। इस बीच हमारे एसआई को युवक पड़ा दिखा, तो उन्होंने उसे तत्काल अस्पताल भिजवाया। हत्या का केस दर्ज कर झूले वालों से पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी भी चेक कर रहे हैं।

मेले में चार साल पहले भी हो चुकी हत्या
चार साल पहले भी आपसी विवाद में इसी तरह हत्या की घटना हो चुकी है। तब कार्तिक मेले में रात 12 बजे भैरवगढ़ के विनायका गांव निवासी जीवन पिता जगदीश की हत्या कर दी गई थी। हमलावरों ने उस पर चाकू से तीन वार किए थे। दो पेट में और एक चाकू हार्ट में लगा था। इस साल भी कार्तिक मेले में सुरक्षा को लेकर शुरू से ही सवाल खड़े हो रहे हैं। पहले भी मारपीट की घटना हुई। निगम अफसरों ने सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध का दावा किया था, लेकिन इस घटना के बाद फेल साबित हुए।


अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 21 September 2026
वीएन दास, अयोध्या : चढ़ावा चोरी प्रकरण के बाद राम मंदिर परिसर में अब व्यवस्था और चुस्त-दुरुस्त करने का सिलसिला जारी है। हालांकि मीडिया से कनेक्टिविटी का काम पेंडिंग हैं।…
 21 September 2026
लखनऊ: बॉलीवुड के मशहूर गीतकार मनोज मुंतशिर और समाजवादी पार्टी के बीच आजकल वार और पलटवार का दौर चल रहा है। एक न्‍यूज चैनल से बातचीत में मनोज मुंतशिर ने…
 21 September 2026
नालंदा: खुदागंज थाना क्षेत्र के शोभा बिगहा गांव में पांच हजार रुपये की रंगदारी नहीं देने पर बदमाशों ने दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाशों ने युवक…
 21 September 2026
भागलपुर: बिहार के भागलपुर जिले में सोमवार को बाढ़ के पानी में डूबने से छह बच्चों की मौत हो गई। हादसा सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव में हुआ। मृतकों…
 21 September 2026
मुंबई : इंडिगो की केबिन क्रू मेंबर कैनूर मिस्त्री (32) की मौत हो गई। 18 सितंबर को बोरीवली ईस्ट में एक सड़क दुर्घटना में उनके सिर पर गंभीर चोटें आई…
 20 September 2026
गोरखपुर से लोकमान्य तिलक टर्मिनस जा रही कुशीनगर एक्सप्रेस के इंजन से अचानक धुआं उठने से रेलवे में हड़कंप मच गया। इटारसी स्टेशन से रवाना होने के बाद ट्रेन को…
 20 September 2026
जबलपुर के सिहोरा में शनिवार रात करीब 9:30 बजे 3 लोगों ने एक युवक की हत्या कर दी। आरोपियों ने बहन को भगाकर ले जाने वाले युवक के छोटे भाई…
 20 September 2026
राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए 18 सितंबर की रात तक कांग्रेस की तैयारियां पूरी थीं। पार्टी नेता और कार्यकर्ता पूरे उत्साह में थे, लेकिन 19 सितंबर…
 20 September 2026
पूर्व मंत्री इमरती देवी ने ग्वालियर में आयोजित एक कार्यक्रम में मंच पर बैठे लोगों को 'हत्यारा' और 'हत्या के आरोपी' बताया। खास बात यह रही कि सांसद भारत सिंह…
Advt.