भोपाल । देशविरोधी गतिविधियों में लिप्त प्रतिबंधित संगठन हिज्ब-उत-तहरीर (एचयूटी) के सदस्यों अस्त्र-शस्त्र चलाने का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा था। सदस्यों को एयरगन से गोलियां चलाने और निशाना लगाने का अभ्यास करवाया जा रहा था। गिरफ्तार सदस्यों के पास से एक एयरगन भी मिली है।
भोपाल, छिंदवाड़ा और हैदराबाद से मंगलवार को गिरफ्तार कुल 16 आरोपितों में मास्टरमाइंड भोपाल का रहने वाला यासिर खान था। वह जिम ट्रेनर है। संगठन को विस्तार देने में उसी की भूमिका थी।
एटीएस सूत्रों का मानना है कि एचयूटी के बारे में इंटरनेट पर उपलब्ध सामग्री से जानकारी प्राप्त कर वह संगठन की विचारधारा से प्रभावित हुआ था। संगठन के अन्य नेताओं से उसके संपर्क के बारे में अभी जानकारी नहीं मिली है। इसके लिए पुलिस आरोपितों के मोबाइल काल का विवरण देख रही है।
इनके पास से जब्त डायरी व अन्य कागजों से यह पता चलेगा कि वह किनसे संपर्क में थे। यासिर का काम संगठन के लिए चंदा जुटाने का भी था। वह मुस्लिम युवकों को हिंदुओं के विरुद्ध भड़काकर उन्हें प्रभावित करता था। जिम में आने वाले मुस्लिम युवकों को संगठन की विचारधारा से प्रभावित करने की कोशिश करता था।
एकांत जगह में प्रशिक्षण और आने-जाने में गोपनीयता रखने की वजह से आरोपित पिछले तीन वर्ष से पुलिस की रडार में थे। उनकी हर गतिविधि पर पुलिस की नजर थी।
छिंदवाड़ा से गिरफ्तार सदस्य 19 मई तक पुलिस रिमांड पर
एटीएस ने मंगलवार को एचयूटी से संबंधित अब्दुल करीम को छिंदवाड़ा की को-आपरेटिव बैंक कालोनी से गिरफ्तार किया था। एटीएस ने बुधवार को उसे भोपाल जिला न्यायालय में पेश किया है। यहां से पूछताछ के लिए उसे 19 मई तक पुलिस अभिरक्षा में भेज दिया गया है।हैदराबाद में संदिग्धों पर तेलंगाना पुलिस की थी नजर
हैदराबाद से गिरफ्तार एचयूटी के सदस्यों की गतिविधि पर नजर रखने के लिए मध्य प्रदेश पुलिस ने तेलंगाना पुलिस की मदद ली। यहां से गिरफ्तार पांच आरोपितों में एक भोपाल के बैरसिया का रहने वाला है। वह हैदराबाद में एक कालेज में डिमांस्ट्रेटर है। पांचों को भोपाल लाया जा रहा है। न्यायालय में पेश करने के बाद एटीएस इन्हें भी पूछताछ के लिए रिमांड में लेने की मांग न्यायालय से करेगी।