
ईद की खरीदारी से भोपाल के बाजारों में रौनक है। यहां देर रात तक खरीदारी की जा रही है। कपड़ों से लेकर सेवइयां की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ है। सेवइयां, मेवा, कपड़ा, जूते, टोपी, रूमाल, इत्र, चूड़ी की दुकानों पर सुबह से देर रात तक ग्राहकों की भीड़ लग रही है। ईद को लेकर शहर में उत्साह भी देखा जा सकता है। ईदगाह पर साफ-सफाई की जा रही है।
बच्चों के लिए पहली बार आई हीरे वाले टोपी
रमजान के मार्केट में पहली बार बच्चों के लिए हीरे जैसी डिजाइन वाली टोपियां आई हैं। दुकानदार जुबैर ने बताया कि इस बार अफगानी, ईरानी स्टाइल की टोपियां ट्रेड में हैं। इसके अलावा तुर्की की जा-नमाज (नमाज पढ़ने वाली बिछात) आई है। मार्केट में कई खास किस्म के इत्र भी आए हैं। जगह-जगह इसके लिए अलग से दुकानें लगाई गई हैं।
बुधवारा चौराहे पर रौनक देखते ही बन रही
शहर के बुधवारा चौराहे (चारबत्ती) पर खूबसूरत लाइटिंग की गई है। इसके अलावा यहां की रौनक इसलिए देखते ही बनती है कि यहां जहां एक तरफ फूड मार्केट बना हुआ है तो दूसरी तरफ यहां पर खरीदारी के लिए कई तरह के कपड़ों, जूतों और इत्र आदि की दुकानें भी मौजूद हैं। यहां का बाजार सुबह करीब 4 बजे तक खुला रहता है। इसके अलावा यहां पर करीब 70 से अधिक फूड पाइंट अलग से रमजान के लिए बनाए गए हैं। वहीं यहां पर पहली बार एक अलग किस्म की सजावट भी की गई है।
इन इलाकों को सजाया गया
10 व 11 अप्रैल को मनाई जाएगी ईद
ईदुल-फितर 10 व 11 अप्रैल को मनाई जाएगी। इसके लिए ईदगाह में जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राजधानी भोपाल में ताज उल मसाजिद, मोती मस्जिद और जामा मस्जिद के अलावा शहर की कई मस्जिदों में नमाज-ए-ईद अदा की जाएगी। इसके लिए काजी-ए-शहर सैयद मुश्ताक अली नदवी ने नमाज के वक्त का ऐलान कर दिया है। साथ ही ताकीद की है कि शहर की किसी भी मस्जिद में ईदगाह से पहले नमाज अदा न की जाए।