
सवारी में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान भी शामिल हुए । विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में श्रावण मास के तीसरे सोमवार को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने सपरिवार भगवान महाकाल के दर्शन किए। मंदिर के गर्भगृह में पत्नी साधनासिंह व पुत्र कुणाल व कार्तिक के साथ उन्होंने भगवान महाकाल का अभिषेक पूजन किया। पश्चात नंदी हॉल में बैठकर ध्यान लगाया। पुजारी प्रदीप गुरु के आचार्यत्व में पुजारियों ने सीएम को शांति पाठ सुनाया। महाकाल दर्शन के पश्चात उन्होंने परिसर स्थित मंदिरों में भी दर्शन किए।
दर्शन पूजन के पश्चात मुख्यमंत्री महानिर्वाणी अखाड़े पहुंचे। यहां उन्होंने फलाहार किया तथा नारियल पानी पिया। अखाड़े की परंपरा अनुसार महंत विनीतगिरी जी महाराज ने सीएम व साधना सिंह का सम्मान किया। इसके बाद वे मंदिर के सभा मंडप में पहुंचे तथा भगवान महाकाल के चंद्रमौलेश्वर रूप का पूजन कर पालकी को नगर भ्रमण के लिए रवाना किया। मुख्यमंत्री परिवार के साथ सवारी में भी शामिल हुए तथा नंगे पैर महाकाल मंदिर से शिप्रा तट तक पैदल चले।