भारत ने 4-1 से जीती टी-20 सीरीज 5वें मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 6 रन से हराया

Updated on 04-12-2023 03:07 PM

भारत ने ऑस्ट्रेलिया को रोमांचक 5वें टी-20 मुकाबले में 6 रन से हरा दिया। बेंगलुरु में टीम इंडिया के अर्शदीप सिंह ने आखिरी 6 गेंदों पर 10 रन डिफेंड किए। उन्होंने शुरुआती 3 गेंदों पर कोई रन नहीं दिया और कप्तान मैथ्यू वेड का विकेट भी लिया। कंगारू टीम 3 रन ही बना सकी और मुकाबला गंवा दिया। 5वें टी-20 में जीत के साथ टीम इंडिया ने सीरीज 4-1 के अंतर से अपने नाम कर ली।

चिन्नास्वामी स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर बॉलिंग चुनी। टीम इंडिया ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 160 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया 8 विकेट पर 154 रन ही बना सका। बेंगलुरु में ऑस्ट्रेलिया पहली बार टी-20 मुकाबला हारा, यहां टीम ने 3 टी-20 जीते हैं।

रवि बिश्नोई रहे प्लेयर ऑफ द सीरीज
लेग स्पिनर रवि बिश्नोई ने पांचवें टी-20 में 29 रन देकर 2 विकेट झटके। उन्होंने सीरीज के हर मैच में टीम को सफलता दिलाई। 5 मैचों में 9 विकेट लेने के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड मिला। हाई स्कोरिंग सीरीज में उन्होंने महज 8.20 की इकोनॉमी से रन खर्चे और टीम इंडिया के नए रिस्ट स्पिनर बनकर उभरे।

अक्षर पटेल प्लेयर ऑफ द मैच रहे
भारत के लिए मुकेश कुमार ने 3 विकेट लिए। जबकि अर्शदीप सिंह और रवि बिश्नोई को 2-2 विकेट मिले। 4 ओवर में महज 14 रन देकर एक विकेट लेने वाले अक्षर पटेल प्लेयर ऑफ द मैच रहे। अक्षर ने 31 रन भी बनाए। उनके अलावा श्रेयस अय्यर ने 53 रन की पारी खेली। वहीं जितेश शर्मा ने 24 और यशस्वी जायसवाल ने 21 रनों का योगदान दिया।

अर्शदीप ने आखिरी ओवर में 3 रन ही दिए
ऑस्ट्रेलिया को आखिरी 6 गेंदों पर जीत के 10 रन की जरूरत थी। अर्शदीप सिंह ने कंगारू टीम के कप्तान मैथ्यू वेड को पहली गेंद बाउंसर फेंकी। अगली गेंद यॉर्कर रही, जिस पर कोई रन नहीं बना और तीसरी गेंद कैच आउट हो गए। चौथी, पांचवीं और छठी गेंद पर 1-1 रन बना और ऑस्ट्रेलिया 6 रन से करीबी मुकाबला हार गया।

अर्शदीप सिंह ने अपने पहले ओवर में 14 रन दिए, लेकिन आखिरी 3 ओवर में 24 ही रन खर्चे। उन्हें बेन मैक्डरमॉट और मैथ्यू वेड के 2 अहम विकेट भी मिले।

मुकेश कुमार के 2 गेमचेंजिंग ओवर
ऑस्ट्रेलिया को आखिरी 4 ओवर में 37 रन की जरूरत थी। यहां टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मुकेश कुमार 17वां ओवर फेंकने आए। शुरुआती 2 गेंदों पर उनके खिलाफ 5 रन बन गए लेकिन तीसरी और चौथी गेंद पर मुकेश ने 2 विकेट झटक लिए। आखिरी 2 गेंदों पर उन्होंने कोई रन नहीं दिया और अपना ओवर 5 रन देकर ही खत्म कर दिया।

मुकेश ने फिर 19वें ओवर में भी बेहतरीन गेंदबाजी की। यहां कंगारू टीम को 12 बॉल पर 17 रन की जरूरत थी। मुकेश ने ओवर में 7 ही रन दिए और आखिरी ओवर में भारत को डिफेंड करने के लिए 10 रन मिले। मुकेश ने जोश फिलिप, मैथ्यू शॉर्ट और बेन ड्वारशस के विकेट लिए।

पावरप्ले में ऑस्ट्रेलिया- 50/2
161 रन का टारगेट चेज करने उतरे कंगारू ओपनर्स ने तेज शुरुआत की। ट्रैविस हेड ने अर्शदीप सिंह की पहली 3 बॉल पर लगातार 3 चौके जमाए। इस ओवर में टीम 14 रन बनाए। पारी का तीसरा ओवर लेकर आए मुकेश कुमार ने जोश फिलिप (4 रन) को बोल्ड कर भारत को पहली सफलता दिलाई। उनके बाद रवि बिश्नोई ने अपने पहले ही ओवर में ट्रैविस हेड को बोल्ड कर दूसरे कंगारू ओपनर को भी पवेलियन भेज दिया। 6 ओवर में ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 50/2 रहा।

मिडिल ओवर्स में ऑस्ट्रेलिया ने गंवाए 3 विकेट
पावरप्ले में 50 रन बनाने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने 7 से 16 ओवर के बीच 3 अहम विकेट गंवा दिए। इन 10 ओवरों में टीम ने 74 रन जरूर बनाए। लेकिन टीम 6 से 10 ओवर के बीच 20 ही रन बना सकी, जिस कारण उन पर दबाव बढ़ गया। मिडिल ओवर्स में कंगारू टीम से बेन मैक्डरमॉट ने 5 छक्के लगाकर फिफ्टी पूरी की लेकिन वह टीम को जीत दिलाने से पहले ही आउट हो गए। इन 10 ओवरों में भारत से रवि बिश्नोई, अक्षर पटेल और अर्शदीप सिंह ने 1-1 विकेट लिया।

आखिरी 4 ओवर में 37 रन नहीं बना सका ऑस्ट्रेलिया
ऑस्ट्रेलिया को आखिरी 4 ओवर में 37 रन की जरूरत थी। टीम ने 17वें ओवर में ही 2 विकेट गंवा दिए। 18वें ओवर में जरूर 15 रन बने, लेकिन टीम आखिरी 12 गेंदों पर 17 रन भी नहीं बना सकी। 19वें ओवर में मुकेश कुमार ने 7 और 20वें ओवर में अर्शदीप सिंह ने महज 3 रन दिए और भारत 6 रन से मुकाबला जीत गया।

इस तरह बढ़ी भारत की पारी...

श्रेयस ने फिफ्टी लगाई, भारत का स्कोर 160/8
टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 160 रन बनाए। श्रेयस अय्यर ने 53 रन की पारी खेली। उन्होंने टी-20 करियर की 8वीं फिफ्टी जमाई। अय्यर के अलावा जितेश शर्मा ने 24 और अक्षर पटेल ने 31 रन का योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया से बेन ड्वारशस और जेसन बेहरनडर्फ को 2-2 विकेट मिले।

भारतीय ओपनर्स पावरप्ले में पवेलियन लौटे
भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। यशस्वी जायसवाल और ऋतुराज गायकवाड की जोड़ी ने धीमी शुरुआत की। ऐसे में जायसवाल ने कुछ बड़े शॉट खेले, लेकिन वह ज्यादा देर टिके नहीं और 21 रन बनाकर जेसन बेहरनडर्फ का शिकार हो गए। अगले ही ओवर में बेन ड्वारशस ने ऋतुराज गायकवाड को भी चलता कर दिया। टीम 6 ओवर में 42 रन ही बना सकी।

मिडिल ओवर्स में श्रेयस-जितेश ने संभाला, भारत ने 73 रन बनाने में 3 विकेट गंवाए
पावरप्ले में ओपनर्स के आउट होने के बाद तीसरे नंबर पर खेलने उतरे श्रेयस अय्यर ने टिकाऊ पारी खेली, लेकिन दूसरी ओर से विकेट गिरते रहे। कप्तान सूर्यकुमार यादव 5 और रिंकू सिंह 6 रन बनाकर आउट हुए।

55 रन पर 4 विकेट गंवाने के बाद अय्यर और जितेश शर्मा की जोड़ी ने भारतीय पारी को संभला। दोनों ने 5वें विकेट के लिए 42 रन की साझेदारी की। इस साझेदारी को आरोन हार्डी ने जितेश (24 रन) को आउट कर तोड़ा। 7 से 16 ओवर के बीच टीम इंडिया ने 73 रन बनाने में 3 विकेट गंवाए। 16 ओवर के बाद टीम का स्कोर 115/5 रहा।

डेथ ओवर्स में भारत 35 रन ही बना सका
17 से 20 ओवर के बीच भारत 35 रन ही बना सका। इस फेज में टीम ने श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल जैसे सेट बैटर्स के विकेट गंवाए। श्रेयस ने 53 और अक्षर ने 31 रन की अहम पारियां खेल टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाया। आखिरी बॉल पर रवि बिश्नोई भी रन आउट हो गए और ऑस्ट्रेलिया को 161 रन का टारगेट मिला।

भारत-ऑस्ट्रेलिया 5वें टी-20 के फोटो

दीपक चाहर की जगह अर्शदीप की वापसी, एलिस को भी मौका
दोनों टीमें एक-एक बदलाव के साथ उतरी। तेज गेंदबाज दीपक चाहर की जगह अर्शदीप सिंह को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया। ऑस्ट्रेलिया में क्रिस ग्रीन की जगह नाथन एलिस को मौका मिला।

दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋतुराज गायकवाड, श्रेयस अय्यर, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, मुकेश कुमार और आवेश खान।

ऑस्ट्रेलिया: मैथ्यू वेड (कप्तान/विकेटकीपर), जोश फिलिप, ट्रैविस हेड, बेन मैक्डरमॉट, आरोन हार्डी, टिम डेविड, मैथ्यू शॉर्ट, नाथन एलिस, बेन ड्वारशस, जेसन बेहरनडर्फ और तनवीर सांघा।



अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 27 June 2026
बेलफास्ट: आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में भारतीय टीम की 34 रनों की करारी शिकस्त के बाद टीम कॉम्बिनेशन को लेकर बहस तेज हो गई है। नए कप्तान श्रेयस…
 27 June 2026
बेलफास्ट: भारतीय क्रिकेट टीम के लिए आयरलैंड दौरा उम्मीदों के मुताबिक शुरू नहीं हुआ। स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर के टी20 कप्तानी डेब्यू मैच में भारतीय टीम को करारी शिकस्त का…
 27 June 2026
नई दिल्ली: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप 'आई' मुकाबले में सेनेगल ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए इराक को 5-0 से रौंदा। इस जीत के साथ ही सेनेगल ने राउंड…
 27 June 2026
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज ओपनिंग बल्लेबाज रोहित शर्मा आगामी 14 जुलाई से एजबेस्टन में इंग्लैंड के खिलाफ शुरू हो रही तीन मैचों की वनडे…
 27 June 2026
नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने के बाद पहली बार मैदान पर उतरी भारतीय क्रिकेट टीम को आयरलैंड के खिलाफ अपने पहले ही मुकाबले में 34 रनों की…
 26 June 2026
नई दिल्ली: इंग्लैंड के खिलाफ ट्रेंट ब्रिज में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच के पहले दिन न्यूजीलैंड के ओपनिंग बल्लेबाजों ने इतिहास रच दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने…
 26 June 2026
नई दिल्ली: पाकिस्तानी बल्लेबाज गुल फिरोजा को विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप-ए मैच के दौरान आईसीसी आचार संहिता के 'लेवल 1' के उल्लंघन का दोषी पाया गया है,…
 26 June 2026
नई दिल्ली: मेजर लीग क्रिकेट 2026 में ऑकलैंड कोलिसीअम के मैदान पर सिएटल ऑर्कास और वाशिंगटन फ्रीडम के बीच खेले गए मुकाबले में रनों की ऐसी बारिश हुई जिसने फैंस…
 26 June 2026
गॉल: भारत ए और श्रीलंका ए के बीच गाले में खेले जा रहे पहले चार दिवसीय अनाधिकारिक टेस्ट मैच के दूसरे दिन भारतीय टीम ने अपनी स्थिति बेहद मजबूत कर…
Advt.