नई दिल्ली: ऑनलाइन बेबी प्रॉडक्ट बेचने वाली फर्स्टक्राई.कॉम (FirstCry.com) समेत देश की तीन यूनिकॉर्न कंपनियों के फाउंडर सुपम माहेश्वरी (Supam Maheshwari) की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इनकम टैक्स विभाग उनके खिलाफ पांच करोड़ डॉलर (करीब 413 करोड़ रुपये) के टैक्स चोरी के आरोपों की जांच कर रहा है। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट में यह दावा किया गया है। माहेश्वरी फर्स्टक्राई के अलावा Globalbees Brands Ltd और Xpressbees के भी फाउंडर हैं। इनकम टैक्स विभाग ने उन्हें नोटिस भेजकर पूछा है कि उन्होंने पांच करोड़ डॉलर का टैक्स क्यों नहीं चुकाया। सूत्रों का कहना है कि माहेश्वरी ने फर्स्टक्राई में इक्विटी ट्रांजैक्शंस पर टैक्स नहीं चुकाया।
साथ ही फर्स्टक्राई के कम से कम छह निवेशकों से भी पूछताछ के लिए संपर्क किया गया है। इनमें प्राइवेट इक्विटी फर्म क्रिसकैपिटल मैनेजमेंट कंपनी और सुनील भारती मित्तल का फैमिली ऑफिस शामिल है। जानकारों के मुताबिक माहेश्वरी इस जांच को सेटल करने के लिए टैक्स विभाग से बातचीत कर रहे हैं। माहेश्वरी, क्रिसकैपिटल, टैक्स डिपार्टमेंट और मित्तल के प्रवक्ताओं ने इस बारे ईमेल का जवाब नहीं दिया। फर्स्टक्राई 31 मार्च, 2021 को खत्म हुए फाइनेंशियल ईयल में प्रॉफिटेबल बनी थी। इससे पहले कई साल तक उसे घाटा हुआ था। कंपनी अब आईपीओ लाने की तैयारी में है।