
जहांगीराबाद पुलिस के अनुसार ऐशबाग इलाके में रहने वाली 15 साल की किशोरी स्कूली छात्रा है। उसने पिछले दिनों आरोपित इकराम के विरूद्ध दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। हाल ही में आरोपित जमानत पर जेल से रिहा हुआ है। गुरुवार शाम करीब सात बजे उसने समझौता के बहाने पीड़िता को बातचीत करने के लिए जिंसी चौराहे पर बुलाया। इसके बाद उसे बाइक में बैठाकर गांधी नगर इलाके में ले गया। जहां, उस पर कोर्ट में समझौते के लिए दबाव बनाने लगा।
पीड़िता ने समझौते से मना कर दिया। इस पर आरोपित ने उसके साथ मारपीट कर दी। पीड़िता इसकी शिकायत गांधी नगर थाने में करने पहुंची। पुलिस ने एफआईआर नहीं करने की यह दलील दी कि घटना स्थल की शुरूआत ऐशबाग से हुई है। वहीं, एफआईआर होगी। पीड़िता ऐशबाग थाने पहुंची। पुलिस ने उसकी आपबीती सुनी। उसे बताया कि घटना स्थल जहांगीराबाद थाने का है। पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है।