भोपाल। जिले में घरेलू और व्यवसायिक गैस सिलेंडरों का दुरुपयोग किए जाने का मामला मंगलवार को सामने आया है । आरोपितों द्वारा बड़ी मात्रा में सिलेंडरों का अवैध भंडारण किया गया था साथ ही इनका उपयोग रिफिलिंग के लिए किया जा रहा था। इसकी जानकारी मिलते ही जिला खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम ने छापामार कार्रवाई करते हुए अवैध सिलेंडरों को जप्त कर प्रतिष्ठानों को सील कर दिया है।जानकारी के अनुसार कलेक्टर आशीष सिंह के निर्देश पर घरेलू एवं व्यवसायिक गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग करने वाले लोगों के खिलाफ जिला खाद्य एवं आपूर्ति टीम द्वारा नजर रखी जा रही है। इसी बीच सोमवार को जानकारी मिलते ही विभाग की टीम ने माता मंदिर चौराहा के पास स्थित इक्वल एंड संस आटोमोबाइल और अग्रसेन भवन पर छापामार कार्रवाई करते हुए 33 घरेलू सिलेंडर (28 भरे), 5 व्यवसायिक सिलेंडर (3 भरे) ,एक मारुति वैन ओमनी ,दो बंसी , एक तोल कांटा, 3 कंप्रेसर जप्त किए हैं जिनका कारोबारियों द्वारा अवैध भंडारण कर दुरुपयोग किया जा रहा था। इस मामले में विभाग द्वारा अभी कार्रवाई की जा रही है।