
भोपाल। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। इसके दो-तीन दिन में चक्रवाती तूफान मोका में बदलने की संभावना है। इस मौसम प्रणाली के असर से हवाओं का रुख बदलने लगा है। इससे वातावरण में नमी कम होने लगी है। साथ ही पूरे मध्य प्रदेश में दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है। इसी क्रम में रविवार को सबसे अधिक 41.9 डिग्री सेल्सियस तापमान इंदौर में दर्ज किया गया। यह रविवार को देश के मैदानी क्षेत्र का सबसे अधिक तापमान रहा। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अभी तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला बना रहने की संभावना है। इंदौर देश का सबसे गर्म शहर रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान के पास हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है। उत्तर-पूर्वी राजस्थान पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र बन गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि कम दबाव का क्षेत्र सोमवार को अवदाब के क्षेत्र में बदल जाएगा। 10 मई तक अवदाब के क्षेत्र के चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में हो रही इस हलचल के कारण हवाओं का रुख बदलने लगा है।
रविवार के हवा का रुख पश्चिमी, उत्तर-पश्चिमी रहा। इस वजह से मध्य प्रदेश के अधिकतर शहरों में दिन के तापमान में काफी बढ़ोतरी दर्ज की गई। रविवार को रतलाम, नरसिंहपुर में 41, ग्वालियर में 40.2 एवं दमोह में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला अभी बना रहने की संभावना है।