
मातृभाषा उन्नयन संस्थान द्वारा आयोजित समारोह में वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. भगवती लाल राजपुरोहित और भारतीय जनसंचार संस्थान के महानिदेशक प्रो. संजय द्विवेदी को हिंदी गौरव अलंकरण से सम्मानित किया गया। राजेन्द्र माथुर सभागृह में समारोह के मुख्य अतिथि हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल न्यायमूर्ति विष्णु सदाशिव कोकजे थे।
उन्होंने कहा कि “व्यवहार और शिक्षा में मातृभाषाओं का अधिक से अधिक प्रयोग किया जाना चाहिए। हम ज्यादा से ज्यादा भाषाएं सीखें पर मातृभाषा उपेक्षा न करें।’ सांसद शंकर लालवानी, प्रेस क्लब अध्यक्ष अरविंद तिवारी, मुस्कान भारतीय और सम्मानित अतिथि डॉ. राजपुरोहित एवं प्रो. द्विवेदी ने भी श्रोताओं को संबोधित किया।
इन्हें काव्य गौरव अलंकरण
नोएडा से कवयित्री पल्लवी त्रिपाठी, तेलंगाना से श्रीमन्नारायण चारी विराट, इंदौर से राकेश दांगी, छिन्दवाड़ा से भुवन सिंह धांसू एवं भोपाल से डॉ. अंशुल आराध्यम को काव्य गौरव अलंकरण प्रदान किया गया। स्वागत उद्बोधन संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’ ने दिया। सम्मान पत्र का वाचन शिक्षाविद डॉ संगीता भारूका सिंघानिया, श्रुति अग्रवाल ने किया। संचालन कवि अंशुल व्यास ने किया, आभार अमित मौलिक ने माना।