
भोपाल। राजधानी में सितंबर 2024 से मेट्रो का कमर्शियल रन शुरू करना है। इसके लिए एम्स से सुभाष नगर के बीच प्रायोरिटी काॅरिडोर का काम तेजी से किया जा रहा है। वहीं मेट्रो ट्रेन के रैक आने का सिलसिला भी जारी है। मंगलवार को मेट्रो का पांचवां रैक भोपाल पहुंच गया है। अब इसका सेफ्टी ट्राॅयल किया जाएगा। इसके पहले चार और मेट्रो ट्रेन शहर में आ चुकी है। शहर में पहले चरण में 27 मेट्रो ट्रेन का संचालन किया जाना है। इसमें पांच ट्रेन आने के बाद 22 और ट्रेन आना बाकी है।
बता दें कि तीन अक्टूबर को मेट्रो का ट्रायन रन किया गया था। अब इसकी रूटीन टेस्टिंग आरकेएमपी से सुभाष नगर डिपो के बीच की जा रही है। इसमें अधिकारी मेट्रो के पार्टस और उसके कम्यूनिकेशन को समझ रहे हैं। अब इसका वेलिडेशन कर देखा जाएगा कि मेट्रो व ट्रैक में कोई कमी तो नहीं है। इसके बाद जनवरी 2024 में मेट्रो रेल सुरक्षा आयुक्त इस मार्ग की संरक्षा को परखेंगे। उनके संतुष्ट होने के बाद प्रायोरिटी काॅरिडोर पर मेट्रो के कामर्शियल रन की अनुमति दी जाएगी।
प्रायोरिटी काॅरिडोर का 90 प्रतिशत काम पूरा
राजधानी के रहवासियों का मेट्रो में चढ़ने का सपना जल्द ही पूरा होने वाला है। एम्स से सुभाष नगर के बीच प्रायोरिटी काॅरिडोर का 90 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। हबीबगंज नाके के पास स्टील ब्रिज बनाने का काम चल रहा है। इसके बनते ही एम्स से सुभाष नगर तक मेट्रो का कामर्शियल रन शुरू कर दिया जाएगा।