
इंदौर के आस्था सिनेमा के पास सड़क किनारे बनी दुकानों में बुधवार रात भीषण आगजनी की घटना हो गई। जिसमें एक के बाद एक चार दुकानें जलकर खाक हो गई। फायर ब्रिगेड ने रात करीब दो बजे के लगभग पूरी तरह से आग पर काबू पाया। फायर ब्रिगेड के अधिकारियों के मुताबिक ऑटो पार्ट्स की दुकान से आग की शुरुआत हुई थी। जिसने आसपास की तीन ओर दुकानों को चपेट में ले लिया।
फायर ब्रिगेड के मुताबिक छोटी भमोरी के पास संतोष मालवीय की ऑटो पार्ट्स की दुकान में आग की सूचना मिली थी। जिसके बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर रवाना की गई। यहां अंदर रखे टायर और अन्य ज्वलनशील लिक्वीड के कारण आग भयावह हाे गई। इसमें हेमन्त नाम के व्यक्ति की हेयर सेलून, सार्थक भंडारी की पारस एव्हरफ्रेश और अजय कपूर की ओम सांई राम गैरेज और उसके यहां खड़ी गाड़ियां जलकर खाक हो गईं।
धमाके से साथ फूटे ऑईल के टैंक
फायरकर्मियों के मुताबिक इलाके में सभी दुकानें लोहे के शेड और लकड़ियों की बनी हुई हैं। यहां ऑटो पार्ट्स की दुकान में ऑइल की टंकियां और अन्य सामान रखा हुआ था। जो धमाके के साथ फूटा। जिससे आग और भयावह हो गई। फायर ब्रिगेड को आग पर काबू करने में भारी मशक्कत का सामान करना पड़ा। यहां पांच टैंक से ज्यादा पानी डालने के बाद आग पर काबू किया गया।