
Summer Special Train: इंदौर । ग्रीष्मकालीन छुट्टियों के कारण ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ अधिक बढ़ने से कंफर्म सीट मिलना मुश्किल हो रहा है। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे द्वारा ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेन चलाई जाती हैं, लेकिन इंदौर को अब तक एक ही ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेन की सौगात मिल पाई है। पश्चिम रेलवे के आश्वासन के बाद भी अब तक दूसरी समर स्पेशल ट्रेन का यात्रियों को इंतजार है, जबकि अन्य स्टेशन से लगातार स्पेशल ट्रेनों की घोषणा रेलवे कर रहा है।
पश्चिम रेलवे के अधिकारी विगत दिनों इंदौर आए थे । इस दौरान सांसद सहित यात्री सलाहकार समिति के सदस्यों ने इंदौर से ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेन की मांग रखी थी। ये ट्रेन दिल्ली, मुंबई और हावड़ा के रूट पर चलाने की मांग की गई थी। पश्चिम रेलवे के जीएम ने जल्द ही ट्रेन देने का भरोसा दिया था, लेकिन इसके बाद भी अब तक इंदौर से स्पेशल ट्रेन शुरू नहीं हो सकी। हालांकि, यात्रियों की बढ़ती अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रतलाम मंडल ने इंदौर से चलने वाली कई ट्रेनों में अतिरिक्त कोच की सुविधा दी है। राजस्थान, दिल्ली की तरफ जाने वाली ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए गए हैं।
पश्चिम रेलवे मुंबई सेंट्रल से एक और स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की गई है। यह ट्रेन आगामी छुट्टी के दौरान मुंबई सेंट्रल-बरौनी जंक्शन के बीच ट्रेन का चलेगी। वीकली समर स्पेशल ट्रेन विशेष किराए पर चलाई जाएगी। मुंबई सेंट्रल-बरौनी जंक्शन विशेष मुंबई सेंट्रल से प्रत्येक मंगलवार को 11 बजे प्रस्थान करेगी और गुरुवार को 6 बजे बरौनी जंक्शन पहुंचेगी। यह ट्रेन 9 मई से 4 जुलाई तक चलेगी। इसी तरह बरौनी जंक्शन-मुंबई सेंट्रल स्पेशल बरौनी जंक्शन से प्रत्येक शुक्रवार को 22.30 बजे रवाना होगी और रविवार को 18.20 बजे मुंबई सेंट्रल पहुंचेगी। यह ट्रेन 12 मई से 7 जुलाई तक चलेगी।
इस ट्रेन में फर्स्ट एसी, एसी 2-टियर, एसी 3-टियर, शयनयान श्रेणी और सामान्य द्वितीय श्रेणी के डिब्बे हैं। ट्रेन की बुकिंग 6 मई से सभी पीआरएस काउंटरों और आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर शुरू हो गई है।