मैदान पर आई धूल भरी आंधी, छत से गिरने लगे होर्डिंग, इकाना स्टेडियम में बाल-बाल बचे दर्शक
Updated on
17-10-2023 10:21 AM
वर्ल्ड कप 2023 का 14वां मुकाबला ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के बीच लखनऊ में खेला गया। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेई इकाना क्रिकेट स्टेडियम पर ऑस्ट्रेलिया को जीत मिली। गेंदबाजी में खराब शुरुआत के बाद ऑस्ट्रेलिया ने वापसी की। 125/0 से श्रीलंका का स्कोर 209/10 हो गया। बल्लेबाजी में भी खराब शुरुआत के बाद ऑस्ट्रेलिया ने जीत हासिल कर ली। लेकिन मैच के दौरान बड़ा हादसा हो सकता था लेकिन यह टल गया।इकाना स्टेडियम में धूल भरी आंधी
ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के बीच मुकाबले के दौरान इकाना स्टेडियम में धूल भरी आंधी आ गई। इसकी वजह से मैदान पर लगभग अंधेरे जैसा हो गया। यह श्रीलंका का 9वां विकेट गिरने के बाद हुआ।
छत से गिरने लगे होर्डिंग
तेज हवा के कारण इकाना स्टेडियम की छत से कई होर्डिंग नीचे की सीटों पर गिर गए। ब्रांडिंग सामग्री के साथ लोहे के एंगल निचले स्तर के सीटों पर गिर गये।
लोगों में मची खलबली
मैच देखने आये लोगों में थोड़ी खलबली मच गयी और स्टेडियम में सार्वजनिक घोषणा में दर्शकों को सुरक्षित सीटों पर जाने के लिए कहा गया। इसके बाद सभी होर्डिंग से दूर चले गए।
वेस्ट स्टैंड में गिरे होर्डिंग
लगभग सभी होल्डिंग इकाना स्टेडियम के वेस्ट स्टैंड में ही गिरे। यह दुर्घटना और खतरनाक हो सकती थी लेकिन दर्शकदीर्घा अपेक्षाकृत खाली थी।
29 अक्टूबर को भारत-इंग्लैंड का मैच
भारत और इंग्लैंड के बीच 29 अक्टूबर को इकाना स्टेडियम पर मुकाबला होना है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच यहां मुकाबला खेला जा चुका है।