
छिंदवाड़ा जिले में धीरे-धीरे गर्मी अपना प्रभाव जमा रही है। बीते एक सप्ताह से अधिकतम पारा भले ही स्थिर है, लेकिन धूप की तपन फरवरी महीने में ही पसीना छुटाने लगी है। सोमवार को दिन का पारा 32.4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं रविवार की रात पारा 14 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आगामी मंगलवार को एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने का असर जिले के मौसम पर भी दिखाई देगा।
इस दौरान बादलों की आवाजाही तेज होगी। जो मार्च के अंतिम सप्ताह तक बनी रहेगी। इस दौरान होली पर्व के मौके पर बादलों की मौजूदगी के साथ ही कहीं कहीं बूंदा बंदी होने की भी संभावना जताई जा रही है।
बदलेगा मौसम का मिजाज
विशेषज्ञों के अनुसार आगामी 48 घंटों में बादलों की आवाजाही का असर दिखाई देगा। इस दौरान दिन की तपन भरी गर्मी से हल्की राहत मिलेगी। इस दौरान अधिकतम पारा भी दो से तीन डिग्री तक लुढ़क सकता है। वहीं रात में उमस व गर्मी का एहसास बढ़ेगा। मार्च के पहले सप्ताह के दो तीन दिन बाद ही पारा 16 से 18 डिग्री तक पहुंच सकता है।
दक्षिण से आ रही हवाएं
हवा का रुख दक्षिणी पूर्वी बना हुआ है। वहीं पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से हवाओं की दिशा नहीं बदल सकी है। आगामी दिनों में भी ऐसे ही मौसम बने रहने की संभावना बनी हुई है। दक्षिणी हवाओं से गर्मी का एहसास बढ़ रहा है। उत्तरी हवाओं के रिटर्न होने के बाद ही थोड़ी राहत मिल सकेगी।
34 से 30 डिग्री तक नीचे आएगा पारा
जिले में बीते दो तीन पहले अधिकतम पारा 34 डिग्री को छू गया था, लेकिन हल्के बादलों के आने व हवाओं की गति बढ़ने से पारा 32 डिग्री तक नीचे आ गया है। वहीं आगामी दिनों में इसमे दो डिग्री की गिरावट और आने की संभावना जताई जा रही है।