भोपाल । सिंधी महिला पंचायत एवं सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया के सयुक्त तत्वावधान में बुधवार को संगम सिनेप्लेक्स में सैकडो की संख्या में महिलाओं को 'द केरल स्टोरी' (The kerala Story) फिल्म का शो निश्शुल्क दिखाया गया। इस अवसर पर महिला पंचायत की अध्यक्ष किरण वाधवानी ने कहा कि पंचायत ने महिलाओं और युवतियों को जागरूक करने के उद्देश्य से इस शो का आयोजन किया है। यह फिल्म हर युवती को देखना चाहिए, ताकि वह जागरूक रहकर लव जिहाद (Love Jihad) जैसी किसी अनहोनी से बच सके। किरण वाधवानी ने कहा कि लड़कियां झूठे प्रेम के जाल में फंसकर अंधेरी दुनिया में पहुंच जाती हैं, जिससे उनकी जिंदगी नरक बन जाती है।
उन्होंने कहा कि 'द केरल स्टोरी' एक फिल्म नहीं बल्कि महिलाओं को जागरूक करने का एक माध्यम है। पूरे देश की लड़कियो को इस फिल्म को जरुर देखना चाहिए। पंचायत ने अपने सामाजिक जन जागरण अभियान के तहत इस शो का आयोजन किया था। पंचायत की महासचिव मधु लालवानी ने इस मौके पर कहा कि फिल्म देखकर समाज जागृत हुआ है।
युवतियों ने कहा, अच्छा लगा
फिल्म का शो देखने के बाद युवतियों ने कहा कि यह फिल्म देखकर उन्हें अच्छा लगा। बहुत सीखने को मिला। इस अवसर पर सिंधी महिला पंचायत अध्यक्ष किरण वाधवानी के साथ मधु ललवानी, काउंसिल के अध्यक्ष राजेश बेलानी और महिला पंचायत की महिला सदस्य मौजूद थीं। हाल ही में सिंधी सेंट्रल पंचायत की ओर से भी निश्शुल्क शो का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य सामाजिक जनजागृति लाना है। काउंसिल के अध्यक्ष राजेश बेलानी ने इस मौके पर कहा कि यह फिल्म सभी को देखना चाहिए। सामाजिक जन-जागरण के लिए यह एक संदेश है। बेलानी ने कहा कि पालकों को भी यह फिल्म देखने का प्रयास करना चाहिए।