आरबीएल देश में 700 से ज्यादा स्टोरों को ऑपरेट करता है। इसके 10,000 से ज्यादा कर्मचारी हैं। कंपनी को देश में 85 से अधिक अंतरराष्ट्रीय ब्रांड लाने का श्रेय हैं। इनमें बरबेरी, वैलेंटिनो, वर्साचे, बोट्टेगा वेनेटा, बालेनियागा, मार्क्स एंड स्पेंसर, टिफनी एंड कंपनी, जिमी चू, प्रेट ए मैंगर और पॉटरी बार्न शामिल हैं। दर्शन मेहता को देश में एर्मेनेगिल्डो जेग्ना, ब्रूक्स ब्रदर्स और डीजल की पेशकश करने के साथ टॉमी हिलफिगर, नौटिका और गैंट जैसे ब्रांडों को भारत में लाने के पीछे माना जाता है।
पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट
दर्शन मेहता पेशे से एक चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं। उन्होंने विज्ञापन में अपना करियर शुरू किया था। ईशा की कंपनी में जुड़ने से पहले दर्शन ने त्रिकाया ग्रे एडवरटाइजिंग में सीनियर एक्जीक्यूटिव के तौर पर काम किया था। इस एडवरटाइजिंग कंपनी को अब डब्ल्यूपीपी ने खरीद लिया है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, मेहता की सैलरी साल 2020-2021 के लिए 4.89 करोड़ रुपये थी।
देश में हजारों स्टोर चला रही है कंपनी
रिलायंस रिटेल की वेबसाइट के मुताबिक, कंपनी ने वित्त वर्ष 2022-2023 के लिए 2.6 लाख करोड़ रुपये का कारोबार दर्ज किया। मार्च 2023 तक कंपनी 7000 शहरों में 18,040 स्टोर चला रही थी। मुकेश अंबानी के स्वामित्व वाला जियो वर्ल्ड प्लाजा रिलायंस रिटेल समर्थित लक्जरी ब्रांड का हब है। इसने नवंबर 2023 में अपने दरवाजे खोले थे।