सुपर ओवर में रोहित के रिटायर आउट होने पर कॉन्ट्रोवर्सी भारतीय कप्तान की नबी से नोकझोंक अंपायर से बहस भी की

Updated on 18-01-2024 12:55 PM

टीम इंडिया ने रोमांच से भरे आखिरी टी-20 मुकाबले में अफगानिस्तान पर दूसरे सुपर ओवर तक चले मुकाबले में जीत हासिल की। बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में बुधवार रात भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 212 रन बनाए। कप्तान रोहित शर्मा ने 121 रन की पारी खेली। जवाब में अफगानिस्तान ने भी 20 ओवर में 6 विकेट पर 212 रन ही बना लिए।

मामला सुपर ओवर में पहुंचा। अफगानिस्तान ने पहले बैटिंग की और 16 रन बनाए, जिसके बाद भारत ने भी 16 ही रन बना दिए। नतीजे के लिए फिर सुपर ओवर हुआ। अब भारत ने पहले बैटिंग की और 11 रन बनाए, इस बार अफगानिस्तान ने एक ही रन पर अपने दोनों विकेट गंवा दिए। टी-20 इंटरनेशनल में पहली बार एक ही मैच में 2 सुपर ओवर फेंके गए।

सुपर ओवर भी विवादों से भरा रहा। रोहित शर्मा अफगानिस्तान के मोहम्मद नबी से बहस करते हुए उलझ गए। पहले सुपर ओवर में रिटायर आउट होने के बावजूद रोहित ने दूसरे सुपर ओवर में बैटिंग की। नियमों के हिसाब से ये गलत है। विराट कोहली ने बाउंड्री पर जम्प कर 5 रन बचाए। जानते हैं तीसरे टी-20 के ऐसे ही टॉप मोमेंट्स...

1. अंपायर पर दो बार भड़के भारतीय कप्तान
मैच के दौरान भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने फील्ड अंपायर वीरेंद्र शर्मा से दो बार बहस की। भारत ने शुरुआती 5 गेंदों पर 8 रन बनाए, लेकिन कोई भी रन रोहित के खाते में नहीं जुड़ा। दोनों चौकों को अंपायर ने लेग बाय करार दिया।

ओवर की दूसरी बॉल पर दिए लेग बाय में अंपायर ने गलती की थी, क्योंकि इस वक्त बॉल रोहित के बैट से लगकर गई थी। जबकि 5वीं बॉल पर दिया फैसला सही था, क्योंकि बॉल बॉडी के ऊपरी हिस्से से लग कर गई थी।

जैसे ही रोहित ने गेम के दूसरे ओवर में मोर्चा संभाला। उन्हें एहसास हुआ कि वह अभी भी जीरो के निजी स्कोर पर हैं। उन्होंने अंपायर से पूछा, 'वीरू (वीरेंद्र शर्मा), थाई पैड दिया क्या पहली गेंद? इतना बड़ा बैट लगा है भाई, एक तो इधर दो बार जीरो हो गया है।' दरअसल, रोहित सीरीज के शुरुआती 2 मुकाबलों में खाता भी नहीं खोल सके थे।

दूसरा वाकया 14वें ओवर में हुआ। ओवर की आखिरी बॉल सलीम सैफी ने फुल टॉस डाली, जो रोहित की कमर के ऊपर रही और रोहित ने एक रन लिया। रन दौड़ते हुए रोहित लेग अंपायर शर्मा की ओर देखते रहे और नो-बॉल के इशारे का इंतजार कर रहे थे, लेकिन अंपायर ने नो-बॉल नहीं दी। जिस पर रोहित जुंझलाते हुए अंपायर से बहस करने लगे।

2. DRS में रिंकू सिंह को मिला जीवनदान
भारत की पारी के 9वें ओवर में रिंकू सिंह को जीवनदान मिला। कैस अहमद के ओवर की तीसरी बॉल को रिंकू ने डिफेंड करना चाहा, लेकिन बॉल उनके पैड पर लग गई। अफगानिस्तान के खिलाड़ियों की अपील पर अंपायर ने LBW आउट का फैसला दिया।

रिंकू ने तुरंत रिव्यू मांग लिया। अल्ट्रा-एज में देखा गया कि बॉल उनके बल्ले के किनारे से लगकर पैड पर लगी है। इस कारण अंपायर को अपना फैसला बदलना पड़ा और रिंकू को जीवनदान मिला।

3. रिंकू ने जनत की बॉल पर लगातार 3 सिक्स लगाए
रिंकू सिंह ने करीम जनत के खिलाफ पारी के आखिरी ओवर में बैक-टु-बैक 3 छक्के लगा दिए। करीम जनत के इस ओवर में कुल 4 छक्के पड़े और ओवर से 36 रन बन गए। इस बड़े ओवर ने टीम इंडिया का स्कोर 212 रन तक पहुंचा दिया।

आखिरी ओवर की चौथी बॉल बॉल जनत ने स्लोअर फेंकी, जिसे स्लॉग कर के रिंकू ने मिड-विकेट के ऊपर से बाउंड्री के पार पहुंचा दिया।

अगली बॉल फुल टॉस थी, जिसे रिंकू ने फिर स्टैंड्स में पहुंचा दिया।

आखिरी बॉल पर रिंकू ने डीप मिड-विकेट की दिशा में एक और सिक्स लगाया और भारत का स्कोर 212 तक कर दिया।

4. वॉशिंगटन सुंदर ने लिया बेहतरीन कैच

टीम इंडिया के ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर के मैदान पर शानदार प्रयास ने भारत को बड़ी सफलता दिलाई। 11वें ओवर की आखिरी गेंद पर कुलदीप यादव ने ऑफ स्टंप के बाहर शॉर्ट पिच फेंकी। विकेटकीपर बैटर रहमानुल्लाह गुरबाज ने कवर्स की दिशा में शॉट मारा।

गेंद काफी तेज गति से जा रही थी, इसके बावजूद सुंदर ने अपनी छलांग सही समय पर लगाई और शानदार कैच पकड़ लिया। गुरबाज 50 रन बनाकर आउट हुए।

5. कोहली ने बाउंड्री पर छलांग लगाकर सिक्स रोका

17वें ओवर में भारतीय स्टार प्लेयर विराट कोहली ने शानदार बचाव किया। वॉशिंगटन सुंदर के ओवर की पांचवी गेंद का सामना करते हुए करीम जनत ने लॉन्ग ऑन पर बड़ा शॉट खेला। बॉल बाउंड्री को पार कर रही थी, लेकिन वहां फिल्डिंग कर रहे कोहली ने छलांग लगाई और बॉल को बाउंड्री के अंदर धकेल दिया। विराट ने 5 रन बचाए, जो आखिर में टीम के काम आए।

6. रोहित और नबी के बीच बहस

टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा और अफगानिस्तान के ऑलराउंडर मोहम्मद नबी के बीच बहस हो गई। घटना पहले सुपर ओवर की आखिरी बॉल के दौरान घटी। मुकेश कुमार की बॉल पर नबी ने शॉट मिस किया और बॉल स्टंप्स के पीछे संजू सैमसन के पास गई।

उन्होंने स्टंप्स पर थ्रो करना चाहा, लेकिन गेंद नबी के पैरों से टकराकर लॉन्ग ऑन की ओर चली गई। जिस कारण अफगानिस्तान को 2 एक्स्ट्रा रन लेने का मौका मिल गया। इस पर रोहित नबी से बहस करने लगे। अंपायर ने रोहित को शांत कराने की कोशिश की लेकिन वह बहस करते हुए ही पवेलियन तक गए। आखिरी बॉल पर मिले 2 रन से अफगानिस्तान ने सुपर ओवर में 16 रन बना लिए।

7. सुपर ओवर के दौरान रिटायर आउट हुए रोहित

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा पहले सुपर ओवर के दौरान रिटायर आउट हो गए। अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी की और 16 रन बनाए। आखिरी बॉल पर भारत को 2 रन की जरूरत थी, यशस्वी जायसवाल क्रीज पर थे। रोहित ने तब रिटायर आउट होने का फैसला किया और क्रीज से पवेलियन की ओर जाने लगे। उनकी जगह तेजी से रन दौड़ने में सक्षम रिंकू सिंह बैटिंग करने आए।

रिंकू के बैटिंग पर आने के बावजूद भारत सुपर ओवर नहीं जीत सका और मुकाबला टाई हो गया। इसलिए दूसरी बार सुपर ओवर हुआ और इस बार भारत ने पहले बैटिंग की। यहां रोहित फिर से बैटिंग करने आए तो कॉन्ट्रोवर्सी हो गई, अफगानिस्तान के कोच जोनाथन ट्रॉट मैच रेफरी के साथ बहस करने लगे। उन्होंने कहा कि एक सुपर ओवर में आउट हुआ बैटर दूसरे सुपर ओवर में बैटिंग करने नहीं आ सका लेकिन अंपायर ने रोहित को बैटिंग करने दी।

टीम इंडिया ने दूसरे सुपर ओवर में 11 रन बनाए। अफगानिस्तान को 12 रन का टारगेट मिला लेकिन टीम ने एक ही रन बनाने में 2 विकेट गंवा दिया। भारत ने रोमांचक मुकाबले को सुपर ओवर में जीता और टी-20 सीरीज 3-0 से क्लीन स्वीप की।

MCC के नियम क्या कहते हैं?

25.4.2- अगर कोई बैटर बीमारी, चोट या किसी हेल्थ समस्या से रिटायर होता है, तो वह रिटायर्ड हर्ट माना जाएगा और पारी में फिर से बल्लेबाजी भी कर सकेगा। अगर बैटर फिर से बैटिंग करने नहीं आ सका तो उसे 'रिटायर्ड नॉटआउट' ही माना जाएगा।

25.4.3- अगर कोई बैटर 'रूल नंबर 25.4.2' के अलावा किसी और कारण से पवेलियन लौटता है तो उसे 'रिटायर्ड आउट' माना जाएगा। यानी बैटर पारी में फिर से बैटिंग नहीं कर सकता। हालांकि अगर विपक्षी टीम का कप्तान परमिशन दे तब जरूर रिटायर्ड आउट हुआ खिलाड़ी बैटिंग करने आ सकता है।

जबकि सुपर ओवर का नियम ये कहता है कि एक सुपर ओवर में आउट हुआ बैटर दूसरे सुपर ओवर में बैटिंग नहीं कर सकता। रोहित पहले सुपर ओवर में रिटायर्ड आउट हुए थे, इसलिए नियमों के अनुसार उन्हें दूसरे सुपर ओवर में बैटिंग का हक नहीं था। बावजूद इसके वह बैटिंग करने आए और टीम के लिए 11 रन भी बनाए, जो जीत-हार का अंतर पैदा करने के लिए काफी रहे।

रोहित तभी बैटिंग पर आ सकते थे, जब उन्हें अफगानिस्तान के कप्तान इब्राहिम जादरान से परमिशन मिलती। लेकिन मैच के बाद टीम के कोच जोनाथन ट्रॉट ने कहा कि उन्हें इस नियम के बारे में कोई जानकारी ही नहीं दी गई थी।



अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 27 June 2026
बेलफास्ट: आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में भारतीय टीम की 34 रनों की करारी शिकस्त के बाद टीम कॉम्बिनेशन को लेकर बहस तेज हो गई है। नए कप्तान श्रेयस…
 27 June 2026
बेलफास्ट: भारतीय क्रिकेट टीम के लिए आयरलैंड दौरा उम्मीदों के मुताबिक शुरू नहीं हुआ। स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर के टी20 कप्तानी डेब्यू मैच में भारतीय टीम को करारी शिकस्त का…
 27 June 2026
नई दिल्ली: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप 'आई' मुकाबले में सेनेगल ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए इराक को 5-0 से रौंदा। इस जीत के साथ ही सेनेगल ने राउंड…
 27 June 2026
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज ओपनिंग बल्लेबाज रोहित शर्मा आगामी 14 जुलाई से एजबेस्टन में इंग्लैंड के खिलाफ शुरू हो रही तीन मैचों की वनडे…
 27 June 2026
नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने के बाद पहली बार मैदान पर उतरी भारतीय क्रिकेट टीम को आयरलैंड के खिलाफ अपने पहले ही मुकाबले में 34 रनों की…
 26 June 2026
नई दिल्ली: इंग्लैंड के खिलाफ ट्रेंट ब्रिज में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच के पहले दिन न्यूजीलैंड के ओपनिंग बल्लेबाजों ने इतिहास रच दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने…
 26 June 2026
नई दिल्ली: पाकिस्तानी बल्लेबाज गुल फिरोजा को विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप-ए मैच के दौरान आईसीसी आचार संहिता के 'लेवल 1' के उल्लंघन का दोषी पाया गया है,…
 26 June 2026
नई दिल्ली: मेजर लीग क्रिकेट 2026 में ऑकलैंड कोलिसीअम के मैदान पर सिएटल ऑर्कास और वाशिंगटन फ्रीडम के बीच खेले गए मुकाबले में रनों की ऐसी बारिश हुई जिसने फैंस…
 26 June 2026
गॉल: भारत ए और श्रीलंका ए के बीच गाले में खेले जा रहे पहले चार दिवसीय अनाधिकारिक टेस्ट मैच के दूसरे दिन भारतीय टीम ने अपनी स्थिति बेहद मजबूत कर…
Advt.