भोपाल । इस बार मानसून पूर्व की वर्षा के मामले में पूरा प्रदेश अच्छे-खासे मुनाफे में रहा है। प्रदेश के सभी शहरों में सामान्य से 100 प्रतिशत अधिक वर्षा हो चुकी हैं। सात जिलों में तो सामान्य से 1000 या उससे अधिक प्रतिशत तक वर्षा हो चुकी है। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक एक मार्च से पांच मई की सुबह साढ़े आठ बजे तक मध्य प्रदेश में 66.9 मिलीमीटर वर्षा हो चुकी है। जो अभी तक होने वाली सामान्य वर्षा 11.5 मिलीमीटर की तुलना में 481 प्रतिशत अधिक है।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि इस वर्ष मार्च माह की शुरुआत से लेकर अभी तक लगातार पश्चिमी विक्षोभ आ रहे हैं। मध्य प्रदेश एवं आसपास द्रोणिका भी बनीं। इस वजह से रुक-रुककर वर्षा होने का सिलसिला बना रहा। इस वजह से मानसून पूर्व की तय कोटे से कई गुना अधिक वर्षा हुई।