
सीबीआइ की टीम सबसे पहले उस घर में पहुंची, जहां त्विषा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। यहां अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और त्विषा की सास रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह से करीब आधे घंटे पूछताछ की। सूत्रों के अनुसार, सीबीआइ के अधिकारियों ने गिरिबाला सिंह से त्विषा और उनके पति समर्थ सिंह के वैवाहिक संबंधों, परिवार के माहौल और घटना से पहले की परिस्थितियों को लेकर कई सवाल किए।
जांच एजेंसी यह समझने का प्रयास कर रही है कि शादी के बाद दोनों के रिश्तों में किस तरह के बदलाव आए और घटना वाले दिन घर में क्या स्थिति थी। अधिकारियों ने यह भी जानकारी ली कि घटना से पहले त्विषा से आखिरी बार कब और क्या बातचीत हुई थी। घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान सीबीआइ की टीम ने कमरे और आसपास के हिस्सों का परीक्षण भी किया। टीम ने मौके से जुड़े भौतिक साक्ष्यों और घटनाक्रम की परिस्थितियों को समझने का प्रयास किया। माना जा रहा है कि एजेंसी पुराने साक्ष्यों का दोबारा परीक्षण भी करा सकती है।
गिरिबाला सिंह के निवास से निकलने के बाद सीबीआइ की टीम लालघाटी स्थित थ्रीईएमई सेंटर पहुंची। यहां त्विषा के माता-पिता और अन्य रिश्तेदार ठहरे हुए हैं। यहां करीब एक घंटे टीम ने त्विषा के स्वजनों से विस्तार से पूछताछ की। परिवार के सदस्यों ने जांच अधिकारियों को बताया कि शादी के बाद से थी त्विषा लगातार मानसिक रूप से परेशान रहती थी।
उन्होंने मोबाइल मैसेज, फोन कॉल और आखिरी बातचीत से जुड़ी जानकारियां भी टीम को उपलब्ध कराईं। सीबीआइ अधिकारियों ने स्वजनों से यह भी जाना कि घटना से पहले त्विषा ने किन परिस्थितियों का जिक्र किया था और परिवार को किस तरह की आशंकाएं थीं। सूत्रों के अनुसार, एजेंसी ने मोबाइल चैट, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के बारे में भी जानकारी जुटाई है।
सीबीआइ टीम ने मंगलवार को भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार से मुलाकात कर अब तक की जांच और पुलिस कार्रवाई की जानकारी ली। वहीं देर रात एसआइटी प्रमुख एसीपी रजनीश कश्यप ने केस डायरी और अब तक जुटाए गए सभी साक्ष्य सीबीआइ को सौंप दिए। इसमें जब्त इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री शामिल है। उधर, बुधवार को सीबीआइ त्विषा के पति समर्थ सिंह को विशेष अदालत में पेश करके रिमांड मांग सकती है।
नोएडा की रहने वाली 33 वर्षीय पूर्व 'मिस पुणे' और अभिनेत्री त्विषा शर्मा की शादी दिसंबर 2025 में भोपाल निवासी एडवोकेट समर्थ सिंह से हुई थी। त्विषा की सास गिरिबाला सिंह एक सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश हैं और वर्तमान में उपभोक्ता आयोग भोपाल की अध्यक्ष पद पर कार्यरत थीं। शादी के महज 5 महीने बाद ही, 12 मई 2026 की रात को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित ससुराल में त्विषा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनकी बॉडी फंदे से लटकी मिली थी।
मृतका के मायके वालों का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित और मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था। पुलिस ने पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज हत्या और उत्पीड़न का केस दर्ज किया। मामले की संवेदनशीलता और ससुराल पक्ष के न्यायिक रसूख को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने इस पर स्वतः संज्ञान लिया।