
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के क्रिकेट शॉट से BJP नेता गंभीर रूप से घायल हो गए। सिंधिया ने एक बॉल पर जोरदार शॉट लगाया। BJP युवा मोर्चा मंडल उपाध्यक्ष विकास मिश्रा ने बॉल कैच करने की कोशिश की। लेकिन उनके हाथों से बॉल फिसलकर आंख के ऊपर जा लगी। घायल हालत में उन्हें संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खुद सिंधिया ने अस्पताल पहुंचकर उनका हाल-चाल जाना।
मामला मध्यप्रदेश के रीवा है। बुधवार को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया MPCA के मैदान का उद्घाटन करने इटौरा पहुंचे थे। यहां उन्होंने कार्यकर्ताओं के उत्साहवर्धन के लिए बल्ला थाम लिया। गौरतलब है कि पूर्व केंद्रीय मंत्री माधवराव सिंधिवा और ज्योतिरादित्य सिंधिया MPCA के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। जबकि उनके बेटे महाआर्यमन सिंधिया MPCA की कार्यकारिणी में शामिल किए गए हैं। ज्योतिरादित्य ने बुधवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ रीवा एयरपोर्ट का भूमि पूजन किया।
घायल नेता सर्जरी वार्ड में एडमिट, हालत स्थिर
क्रिकेट खेलते समय सिंधिया ने एक बॉल पर बेहद सधे अंदाज में आगे आकर शॉट लगाया। बॉल हवा में चली गई। इस दौरान फील्डिंग कर रहे BJP युवा मोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष विकास मिश्रा ने बॉल के नीचे आकर कैच पकड़ने की कोशिश की। लेकिन उनके हाथों से कैच छूट गया और बॉल आंख के ऊपरी हिस्से में लगी। वे वहीं पर गिर पड़े। इसके बाद खुद सिंधिया ने उन्हें उठाया। फिर एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। केंद्रीय मंत्री सिंधिया हादसे के बाद घायल नेता का हालचाल जानने अस्पताल भी पहुंचे।
भारतीय जनता युवा मोर्चा के दीनदयाल नगर मंडल के अध्यक्ष धीरेंद्र द्विवेदी ने बताया कि MPCA के मैदान के उद्घाटन के दौरान केंद्रीय मंत्री क्रिकेट खेल रहे थे। इस दौरान राजेंद्र सिंह कटहा ने बॉलिंग की, तभी मैदान में फील्डिंग कर रहे भाजयुमो के दीनदयाल नगर मंडल उपाध्यक्ष विकास मिश्रा (26) की आंखों के पास बॉल लग गई है। घायल विकास मिश्रा सर्जरी वार्ड में भर्ती है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने बनाया मैदान
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 15 फरवरी को सबसे पहले रीवा एयरपोर्ट का भूमिपूजन किया। इसके बाद इटौरा गांव में नवनिर्मित क्रिकेट स्टेडियम का लोकार्पण किया। समारोह शाम 5 बजे प्रारंभ हुआ। दावा है कि स्टेडियम का निर्माण मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा किया गया है। कार्यक्रम का आयोजन रीवा डिवीजनल एसोसिएशन ने किया। एसोसिएशन के संरक्षक नागेन्द्र सिंह विधायक गुढ़ और अध्यक्ष केके सिंह ने समारोह कराया।
बात एक साल पहले की है। ग्वालियर में केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने नए बन रहे क्रिकेट स्टेडियम के ग्राउंड को चेक करने के लिए दौड़ लगाई। अपने नेता को दौड़ता देख उत्साह में उनके साथ समर्थकों ने भी रेस लगा लगा दी। सिंधिया से दौड़ में आगे निकलने की होड़ में महलगांव निवासी संजय शर्मा औंधे मुंह गिर पड़े। घास पर जूता फिसलने से वह गिरे थे। दूसरे समर्थक भी फिसलकर गिरे थे। यह देख सिंधिया खिलखिलाकर हंसे और रुककर उन्हें उठाने की बजाय दौड़ते हुए आगे निकल गए।