भोपाल। जहांगीराबाद इलाके में युवक के गले में चाकू लगने से मौत का मामला उलझता जा रहा है। मामले में अब मृतक के स्वजनों ने चक्काजाम कर हत्या के आरोप लगाए हैं। इस पर पुलिस ने जांच में उनके आरोपों को शामिल कर लिया है। पुलिस इस मामले में डाक्टरों की सलाह और पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करने की बात कह रही है।
हम बता दें कि मंगलवार शाम साढ़े पांच के करीब बरखेड़ी रायसेन रोड निवासी आमिर खान (25) बड़वाली मस्जिद के पास रहने वाली एक नाबालिग के घर गया था। दोनों अक्सर फोन पर बातें करते थे। दोनों के बीच शादी की बात भी चली गई थी, लेकिन नाबालिग के पिता ने बच्ची के छोटी होने का हवाला देकर शादी करने से इंकार कर दिया था। इस पर युवक नाराज था। नाबालिग के स्वजनों ने पुलिस को जो घटनाक्रम बताया उसके मुताबिक युवक ने आकर हंगामा मचाया था और जबरन उनकी बेटी को साथ लेकर जाने की बात कह रहा था। बच्ची ने अपने आप को कमरे में बंद कर लिया था। उसके बाद युवक ने धमकाया कि वह खुद को चाकू मार लेगा। इस पर उसने खुद को चाकू मारकर घायल कर लिया। नाबालिग के स्वजनों ने ही उसे नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे हमीदिया अस्पताल में रेफर कर दिया गया। उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस साक्ष्यों के आधार पर करेगी कार्रवाई
इधर, इस घटना से गुस्साए मृतक के स्वजनों ने सड़क पर शव रखकर कुछ देर चक्काजाम भी किया। उनकी मांग है कि उनके बेटे की हत्या की गई है। पुलिस निष्पक्ष जांच कर आरोपितों को जल्द गिरफ्तार करे। इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले में जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद जल्द ही इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।