
भाजपा ने तय किया है कि अगले दो महीने के अंदर सारे कार्यकर्ताओं की मान-मनौव्वल कर उन्हें काम पर लगा दिया जाए। पूर्व मंत्री दीपक जोशी द्वारा भाजपा छोड़ कांग्रेस खेमे में जाने के बाद चुनावी साल में राजनीतिक दलों के बीच दल-बदल का क्रम और तेज होने के आसार हैं। कई अन्य नेता भी कांग्रेस के निशाने पर हैं। ऐसे में अब पार्टी के सामने चुनौती यह है कि कार्यकर्ताओं की नाराजगी को दूर कैसे किया जाए?
केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के अलावा पार्टी के पक्ष में बेहतर माहौल बनाने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं पर ही है। कार्यकर्ताओं द्वारा उनसे बेरुखी के आरोप स्थानीय पदाधिकारियों ही नहीं, संगठन और प्रदेश के मंत्रियों पर भी लगाए जाते रहे हैं। संगठन को शिकायत भी मिली कि जब कार्यकर्ता मंत्रियों से मिलने जाते हैं तो वे मिलते नहीं हैं। यही वजह है कि संगठन के साथ मंत्रियों को भी कार्यकर्ताओं से मेलजोल बढ़ाने का निर्देश दिया गया है।
भाजपा के प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल ने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता एक राजनीतिक दल की भांति नहीं बल्कि संगठन में परिवार भावना से जुड़े रहने वाली परंपरा के हैं। चुनावी चकल्लस में कई बार अपवादों की चर्चा परंपराओं से ज्यादा उठ जाती है लेकिन उसका प्रभाव नहीं होता। पार्टी कार्यकर्ताओं की भावनाओं को निर्णयों में स्थान देगी। कार्यकर्ता से ही भाजपा का अस्तित्व है।