
इंदौर । भाजपा मालवा और निमाड़ की आदिवासी विधानसभा सीटों की लगातार टोह ले रही है। यहां की अधिकांश सीटों पर पिछली बार भाजपा की हार हुई थी। इस कारण आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी संगठन के जिला पदाधिकारियों से लगातार संपर्क कर यहां की तासीर जानने में लगी है, ताकि अबकी बार हारी हुई सीटों को अपने पक्ष में किया जा सके।
इसी सिलसिले में भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश रविवार को इंदौर आए। उन्होंने पार्टी कार्यालय पर बड़वानी, झाबुआ और आलीराजपुर जिले के भाजपा जिला अध्यक्षों, पूर्व अध्यक्षों और जिले के प्रभारी मंत्रियों से विस्तार से चर्चा की। बैठक में संभागीय प्रभारी राघवेंद्र गौतम, बड़वानी जिले के प्रभारी मंत्री हरदीपसिंह डंग, झाबुआ के प्रभारी मंत्री इंदरसिंह परमार और आलीराजपुर जिले के प्रभारी मंत्री राजवर्धनसिंह दत्तीगांव, जिलों के प्रभारी हरिनारायण यादव, नंदकिशोर पाटीदार, बड़वानी जिला अध्यक्ष ओम सोनी, झाबुआ जिला अध्यक्ष भानू भूरिया, आलीराजपुर जिला अध्यक्ष संतोष परवाल आदि शामिल थे।
पिछले विधानसभा चुनाव में झाबुआ की तीनों सीटें कांग्रेस के पास चली गई थीं। बड़वानी की चार सीटों में से भाजपा के पास केवल एक बची। इसी तरह आलीराजपुर की दो सीटों में से एक कांग्रेस और एक भाजपा के पास है। इस तरह तीन जिलों की नौ में से भाजपा के पास केवल दो सीटें रह गई हैं। राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री ने कहा कि पिछली बार हमसे कहां चूक हुई, यह देखना है। इस बार वे सारे कारण दूर करने हैं जिससे हम चुनाव हारे हैं।
बैठक में जयस के प्रभाव पर भी चर्चा हुई और इससे निपटने के लिए सुझाव मांगे गए। कार्यकर्ताओं की नाराजगी और गुटबाजी को दूर कर बेहतर समन्वय बनाने पर जोर दिया गया। पदाधिकारियों और प्रभारियों से पूछा गया कि क्षेत्र में कितने दौरे करते हैं और जनता के बीच कितना जाते हैं। उनसे बूथ विस्तारक योजना की जानकारी ली। संगठन के विभिन्न कार्यक्रमों के संचालन पर भी चर्चा की गई। साथ ही 30 मई से 30 जून तक चलने वाले विशेष जनसंपर्क अभियान को गंभीरता से चलाने का संकल्प लिया गया।