
अवैध शराब को लेकर धार जिले में दो स्थानों पर सोमवार रात के समय पुलिस टीम ने कार्रवाई कर हजारों रुपए कीमत की शराब को जब्त किया है। जिसमें एक स्थान पर तो शराब को भंडारण करके रखा हुआ था, जिसे रात में ही एक स्थान से दूसरे स्थान पर बेचने की तैयारी थी। जिसके पहले ही पुलिस टीम पहुंच गई, हालांकि कार्रवाई के दौरान आरोपी रात का समय होने का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
इधर दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने अवैध शराब के साथ दो युवकों को हिरासत में लिया हैं, ये युवक चार पहिया वाहन से शराब का परिवहन कर रहे थे। पुलिस मंगलवार दोपहर दोनों आरोपियों को कोर्ट के समक्ष पेश करेगी। जहां से रिमांड प्राप्त कर पुलिस शराब की पेटियां कहां से आरोपी लेकर आए हैं, इस संबंध में आगे की पूछताछ पुलिस करेगी।
दरअसल प्रतिमाह होने वाली मासिक समीक्षा बैठक में एसपी आदित्य प्रतापसिंह ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने एरिया में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए थे। इसी कडी में दसई पुलिस चौकी व जीराबाद चौकी पुलिस टीम ने अवैध शराब को लेकर कार्रवाई की है। चौकी प्रभारी उनि अशोक कनेश के अनुसार ग्राम चोटिया नवलखी में अवैध शराब आने की सूचना मिली थी, पुलिस टीम आरोपी सोनू पिता जोगडिया के घर पर पहुंची। यहां पर विधिवत्त तलाशी लेने के दौरान आरोपी ने घर के पीछे बनी दीवार के समीप बीयर की पेटियां को प्लास्टिक की पन्नी में छुपाकर रखा था। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 24 पेटी बीयर कुल कीमत 63 हजार रुपए की जप्त कर आबकारी एक्ट के तहत आरोपी सोनू के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
वहीं थाना प्रभारी सुरेश कनेश ने जानकारी देते हुए बताया कि बाग क्षेत्र से गंधवानी की और शराब आने की सूचना मिली थी, वाहन चैकिंग के दौरान जीराबाद-अमझेरा रोड पर सिमेंट फैक्ट्री के समीप वैन क्रमांक एमपी-09 बीए-9172 की तलाशी लेने पर 12 पेटी शराब कुल कीमत 42 हजार रुपए की जप्त की गई है। वाहन में सवार विनोद पिता सुरेशचंद्र, विकास पिता दुलसिंह को अरेस्ट करते हुए प्रकरण दर्ज किया गया है।