भोपाल। रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के बाहर खड़े एक आटो चालक को दूसरे आटो चालक ने सीने में चाकू घोंप दिया। उसे गंभीर घायल अवस्था में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का कारण कट मारने की बात को लेकर विवाद होना बताया गया है। उधर, वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर आटो चालक फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक नदीम खान (26) कबीटपुरा टीला जमालपुरा में रहता है और सवारी आटो चलाता है। बुधवार सुबह करीब ग्यारह बजे वह सवारी लेकर रानी कमलापति रेलवे स्टेशन जा रहा था। इस दौरान हबीबगंज नाके के पास रास्ते में उसका दूसरे आटो चालक से कट मारने की बात को लेकर विवाद हो गया। आसपास के लोगों ने समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया। उसके बाद नदीम सवारी लेकर स्टेशन पहुंचा और गेट नंबर छह के सामने सवारी को उतार दिया। इसी बीच जिस आटो चालक से उसका विवाद हुआ था, वह भी वहां पहुंच गया और उसने चाकू निकालकर नदीम के सीने में घोंप दिया। इसके बाद वह चाकू लहराते हुए वहां से भाग गया। गंभीर रूप से घायल नदीम को इलाज के लिए एम्स में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपित आटो चालक के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।