भोपाल। भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट पर जल्द ही एमआरओ हैंगर बन जाएगा। काम पूरा होने के बाद एयरलाइंस कंपनियों के बेस स्टेशन बनाने की राह भी आसान हो जाएगी। एयरपोर्ट अथारिटी एयरलाइंस कंपनियों को नाइट पार्किंग सुविधा देने को तैयार हैं। फिलहाल कोई भी कंपनी इस सुविधा का लाभ नहीं ले रही है।
राजधानी में नया टर्मिनल बनने के बाद सबसे पहले स्पाइस जेट ने यहां पर बेस स्टेशन बनाया था। कंपनी की दो उड़ानें रात को भोपाल में ही पार्क होती थीं। यह उड़ानें सुबह बिना विलंब के टेकआफ होती थीं। बेस स्टेशन बनने से कंपनियां अपनी देर रात की उड़ानें बेस एयरपोर्ट पर ही पार्क करती हैं। यात्रियों को सुबह की उड़ानें अचानक निरस्त होने या घंटों देरी से चलने जैसी समस्या से मुक्ति मिल जाती है। एयरलाइंस कंपनियां खाली समय में अपने विमानों का रखरखाव एवं सर्विस एमआरओ हैंगर पर करती हैं। अभी भोपाल में हैंगर शुरू नहीं हुआ है इस कारण कंपनियां बेस स्टेशन बनाने में रुचि नहीं ले रही हैं।
17 विमान पार्क करने की सुविधा
राजा भोज एयरपोर्ट पर 17 टैक्सी वे हैं। यानी यहां 17 विमान एक साथ पार्क किए जा सकते हैं। एयरपोर्ट अथारिटी आमतौर पर तीन या चार टैक्सी वे आपातकाल के लिए रिजर्व रखती है। यदि एयरलाइंस कंपनियां भोपाल में बेस स्टेशन बनाकर नाइट पार्किंग सुविधा का लाभ लेती हैं तो भी करीब एक दर्जन विमान रात को टैक्सी वे पर पार्क हो सकते हैं। ऐसे में यात्रियों को सुबह की उड़ानें लेट होने की आशंका से मुक्ति मिल जाएगी।
अगले साल तक तैयार होगा एमआरओ हैंगर
जून 2024 तक दो एमआरओ हैंगर (मेंटेनेंस, रिपेयर एंड ओवरआल) तैयार होने की संभावना है। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) से इसकी स्वीकृति मिल गई है। हेंगर का निर्माण एयरोटेक्निक नामक कंपनी कर रही है। अथारिटी ने कंपनी के साथ अनुबंध की प्रक्रिया पूर्ण कर ली है। कंपनी इस क्षेत्र में दो हैंगर बनाएगी। एक हिस्से में एयर बस एवं बड़े बोइंग विमानों के लिए तथा दूसरे हिस्से में छोटे एटीआर विमानों के लिए हैंगर बनाया जाएगा। एक साथ दो विमानों की मरम्मत की जा सकेगी।
हम तैयार, कंपनियां बना सकती हैं बेस स्टेशन
बेस स्टेशन के लिए हमारे पास पूरी सुविधाएं हैं। एयरलाइंस कंपनियां जब चाहें, बेस स्टेशन बना सकती हैं। एमआरओ हैंगर भी अगले एक साल में तैयार हो जाएगा। विमानों की नाइट पार्किंग सुविधा हमारे पास पहले से है।