The Hundred 2023: इंग्लैंड की क्रिकेट लीग द हंड्रेड (The Hundred) में मंगलवार को रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। टूर्नामेंट के 21वें मैच में ओवल इनविंसिबल्स की टक्कर लंदन स्पिरिट से हुई। मैच की आखिरी गेंद पर लंदन को जीत के लिए 6 रनों की जरूरत थी। गेंद इंग्लैंड के प्रमुख तेज गेंदबाज सैम करन (Sam Curran) के हाथों में थी। उन्होंने ओवर स्टेप कर दिया। इस नो बॉल पर बल्लेबाज एक रन भी भाग गए। द हंड्रेड में नो बॉल पर दो रन मिलते हैं। यानी अब आखिरी गेंद पर जीत के लिए लंदन स्पिरिट को सिर्फ 3 रनों की जरूरत थी।
आखिरी गेंद पर क्या हुआ?
गेंद सैम करन के हाथों में थी और आखिरी गेंद पर उनके सामने क्रिस वुड थे। वुड नंबर-9 के बल्लेबाज थे लेकिन दो गेंद पर एक चौका मार चुके थे। जीत के लिए तीन रन और टाई के लिए दो रन की जरूरत थी। सैम करेन ने मिडिल स्टंप पर यॉर्कर मारा। वुड ने रूम बनाया लेकिन सफलता नहीं मिली और उनका डंडा उड़ गया। इस तरह ओवल ने मैच को 2 रनों से जीत लिया। गेंद डालने के तुरंत बाद करन ने अंपायर की तरफ मुड़कर देखा और अंपायर से नो बॉल का पूछा। अंपायर ने गेंद को लीगल बताया और करन ने हुंकार भरी।
एक गेंद पहले रोका था छक्का
लंदन को आखिरी तीन गेंद पर जीत के लिए 14 रन चाहिए थे। मैथ्यू क्रिचली ने छक्का मार दिया। अगली गेंद पर भी उन्होंने बड़ा शॉट खेला। गेंद छक्के के लिए जा रही थी लेकिन रॉस व्हाइटली ने बाउंड्री पर हाथ मारकर गेंद को अंदर धकेल दिया।
मैच में बने 376 रन
इस मुकाबले में कुल 376 रन बने। पहले बल्लेबाजी करते हुए ओवल इनविंसिबल्स ने 4 विकेट पर 189 रन बनाए। विल जैक्स ने 42 गेंदों पर 68 रनों की पारी खेली। हेनरिच क्लासेन ने 24 गेंद पर 46 रनों का योगदान दिया। लंदन स्पिरिट 7 विकेट पर 187 रन ही बना पाई। सलाममी बल्लेबाज एडम रोसिंग्टन ने 32 गेंदों पर 61 रनों का योगदान दिया। अंत में मैथ्यू क्रिचली ने 13 गेंद पर नाबाद 32 रन बनाए। लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए।