
अजमतुल्लाह उमरजई को अफगानिस्तान की एशिया कप टीम से ड्रॉप कर दिया गया था। वर्ल्ड कप में उन्हें जगह मिली और वह कमाल कर रहे हैं। भारत के खिलाफ उन्होंने शतकीय पारी खेली थी। सचिन तेंदुलकर उनकी गेंदबाजी की तुलना प्रवीण कुमार और भुवनेश्वर कुमार से कर चुके हैं। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ भी मैच जिताऊ अर्धशतक लगाया। 6 मैच में उनके नाम 5 विकेट और203 रन हैं।
गेराल्ड कोएट्जी ने वर्ल्ड कप से पहले सिर्फ 6 वनडे खेले थे। उनके पास भारत में खेलने का भी अनुभव नहीं था। लेकिन 5 मैचों में 12 बल्लेबाजों को आउट कर चुके हैं। नई गेंद के साथ उनकी गति से बल्लेबाज काफी परेशान हो रहे हैं। श्रीलंका, बांग्लादेश और इंग्लैंड के मैच में उन्होंने 3-3 बल्लेबाजों का शिकार किया था।
श्रीलंका के तेज गेंदबाज दिलशान मधुशंका चोट की वजह से एशिया कप में नहीं खेल पाए थे। वर्ल्ड कप के प्रैक्टिस मैच में भी उन्हें सफलता नहीं मिली लेकिन टूर्नामेंट में अच्छी बॉलिंग कर रहे हैं। वह अभी तक 13 बल्लेबाजों का शिकार कर चुके हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने एक ही ओवर में वॉर्नर और स्मिथ को आउट कर दिया था।
पाकिस्तान की टीम वर्ल्ड कप में बुरी तरफ फेल रही है लेकिन अब्दुल्ला शफीक ने अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया है। फखर जमान की वजह से पहले उन्हें प्लेइंग इलेवन में भी जगह मिलने की उम्मीद नहीं थी। लेकिन मौका मिलते ही श्रीलंका के खिलाफ मैच जिताऊ शतक ठोक दिया। 5 मैच में वह 53 की औसत से 264 रन बना चुके हैं।